Edited By Sarita Thapa,Updated: 08 Jun, 2026 10:08 AM

बाबा महाकाल के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब लगातार उमड़ रहा है। गर्मी और नौतपा के बावजूद लाखों भक्त भगवान महाकाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
Ujjain Mahakaleshwar temple news : बाबा महाकाल के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब लगातार उमड़ रहा है। गर्मी और नौतपा के बावजूद लाखों भक्त भगवान महाकाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में 20 मई से 31 मई के बीच 12 दिनों में 21 लाख 15 हजार 543 से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान अधिकांश दिनों में डेढ़ लाख से ज्यादा भक्त मंदिर पहुंचे।
सबसे अधिक भीड़ रविवार, 24 मई को दर्ज की गई, जब 2 लाख 46 हजार 776 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं सोमवार, 25 मई को 1 लाख 96 हजार 480 और शनिवार, 23 मई को 1 लाख 95 हजार 106 भक्त मंदिर पहुंचे। जून के पहले सप्ताह में भी आस्था का यही उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन एक लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। दर्शन मार्गों पर शेड, मैटिंग और ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

गर्मी से राहत देने के लिए मिस्ट सिस्टम और हीट-प्रूफ पाथ भी बनाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए कंट्रोल रूम से करीब 1200 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। साथ ही मेडिकल टीम और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की गई है। महाकाल की नगरी में बढ़ती श्रद्धा और उमड़ती आस्था के बीच प्रशासन की व्यवस्थाएं भी परीक्षा पर खरी उतरती नजर आ रही हैं। बाबा महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से भक्तों का पहुंचना लगातार जारी है।

(विशाल ठाकुर)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ