Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 Mar, 2026 02:33 PM

चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व में भ्रष्टाचार और जासूसी को रोकने के लिए 'नेकेड ऑफिशियल्स' के खिलाफ मुहिम तेज हो गई है। यह शब्द उन रसूखदार अधिकारियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है जो खुद तो चीन के ऊंचे पदों पर बैठे हैं लेकिन उनका पूरा परिवार...
China Naked Officials Explained : चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व में भ्रष्टाचार और जासूसी को रोकने के लिए 'नेकेड ऑफिशियल्स' के खिलाफ मुहिम तेज हो गई है। यह शब्द उन रसूखदार अधिकारियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है जो खुद तो चीन के ऊंचे पदों पर बैठे हैं लेकिन उनका पूरा परिवार (पत्नी और बच्चे) विदेश में सेटल है।
आखिर कौन होते हैं Naked Officials?
चीनी भाषा में इन्हें लुओ गुआन कहा जाता है। सरल शब्दों में समझें तो अगर कोई बड़ा सरकारी अधिकारी चीन में अकेला रह रहा है और उसका परिवार विदेश में नौकरी कर रहा है या पढ़ाई कर रहा है तो उसे नेकेड ऑफिशियल माना जाता है। इन्हें नग्न इसलिए कहा जाता है क्योंकि चीन की धरती पर इनका कोई पारिवारिक बंधन या जड़ें शेष नहीं रह जातीं। इनका सारा पैसा और मोह विदेश में होता है।
क्यों है यह चीन के लिए खतरा?
चीन सरकार का मानना है कि ऐसे अधिकारी देश की सुरक्षा के लिए टाइम बम की तरह हैं। यदि अधिकारी का परिवार विदेश (जैसे अमेरिका या ब्रिटेन) में है तो विदेशी खुफिया एजेंसियां परिवार को ढाल बनाकर अधिकारी से देश के राज उगलवा सकती हैं। ऐसे अफसर अक्सर चीन में काली कमाई करते हैं और उसे विदेश में अपने परिवार के पास भेज देते हैं। जांच शुरू होते ही ये रातों-रात देश छोड़कर भागने की फिराक में रहते हैं। उच्च पदों पर बैठे लोग अगर विदेशी लाइफस्टाइल और दबाव में रहेंगे तो वे चीन की नीतियों को प्रभावित कर सकते हैं।
नियम तोड़ने पर क्या है सजा?
चीन ने इन अधिकारियों पर नकेल कसने के लिए बेहद सख्त प्रावधान किए हैं:
-
प्रमोशन पर रोक: जो अधिकारी इस श्रेणी में आते हैं उन्हें कभी बड़ा पद नहीं दिया जाता।
-
डिमोशन या इस्तीफा: नियम न मानने पर अधिकारियों को जबरन छोटे पदों पर भेज दिया जाता है या इस्तीफा देने पर मजबूर किया जाता है।
-
पासपोर्ट की जब्ती: कई विभागों में डॉक्टरों, शिक्षकों और बैंक कर्मचारियों तक को अपना पासपोर्ट दफ्तर में जमा कराना पड़ता है ताकि वे बिना बताए विदेश न जा सकें।
-
जेल की सजा: भ्रष्टाचार या जानकारी छिपाने के आरोप में कई अधिकारियों को उम्रकैद तक की सजा दी जा चुकी है।
दायरे में सिर्फ नेता ही नहीं
हैरानी की बात यह है कि अब यह नियम केवल नेताओं तक सीमित नहीं रहा। अब डॉक्टर, नर्स, प्रोफेसर और बैंक मैनेजरों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। सरकार का स्पष्ट संदेश है या तो आपका परिवार चीन में रहेगा या फिर आप सरकारी नौकरी छोड़ दें।