Edited By Tanuja,Updated: 17 Oct, 2026 05:15 PM

फ्रांस में बढ़ती महंगाई और छात्रों की मांगों के समर्थन में शनिवार को देशभर में प्रदर्शन हुए। सोशल मीडिया पर 2018 के ‘येलो वेस्ट’ आंदोलन को फिर शुरू करने की अपील की गई। श्रमिक संगठन सीजीटी ने वेतन-पेंशन बढ़ाने की मांग की। राष्ट्रपति मैक्रों ने शांति...
Paris: फ्रांस में बढ़ती महंगाई के खिलाफ और छात्रों के आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शनकारी शनिवार को देशभर में सड़कों पर उतरे। शनिवार को प्रदर्शन के लिए लामबंदी सोशल मीडिया पर 'येलो वेस्ट' आंदोलन को फिर से शुरू करने की अपीलों के बाद हुई। यह आंदोलन 2018 में सामाजिक अन्याय के खिलाफ शुरू हुआ था। शिक्षा बुनियादी ढांचे में सुधार की मांग को लेकर सितंबर के मध्य से प्रदर्शन कर रहे छात्र संगठनों ने समर्थकों से इसमें शामिल होने की अपील की है। फ्रांस के प्रमुख श्रमिक संघों में से एक सीजीटी ने भी प्रदर्शनों का समर्थन किया है।
उसने ''वेतन और पेंशन बढ़ाने, महंगाई कम करने तथा लोगों की जरूरतें पूरी करने वाली सार्वजनिक सेवाओं की रक्षा करने'' की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान हिंसा की आशंका जताए जाने के बीच शुक्रवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने लोगों से शांति बनाए रखने और संपत्ति को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील की । गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने कहा कि देशभर में विरोध-प्रदर्शन के सैकड़ों कार्यक्रम और 80 से अधिक मार्च होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अचानक आयोजित होने वाली सभाएं, सड़कों पर प्रदर्शन और नाकेबंदी भी देखने को मिल सकती है।