Edited By Rahul Singh,Updated: 28 Feb, 2026 08:00 PM

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल ने दावा किया है कि उसके हालिया हवाई हमलों में ईरान के कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए हैं, जिसमें ईरान के रक्षा मंत्री आमीर सनीरजदेह की मौत हो गई है ।
Iran-Israel War : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल ने दावा किया है कि उसके हालिया हवाई हमलों में ईरान के कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए हैं, जिसमें ईरान के रक्षा मंत्री आमीर सनीरजदेह की मौत हो गई है । न्यूज एजैंसी रायटर्स के मुताबिक हमलों का मुख्य निशाना ईरान के उच्च पदस्थ अधिकारी थे और इस ऑपरेशन में उन्हें बड़ा नुकसान पहुंचा है। ईरानी सेना के कमांडर की भी मौत हो गई है। हालांकि, अभी ईरान की तरफ से इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन इजरायल के दावे ने इस जंग को और गहरा कर दिया है।
मिडिल ईस्ट में तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर संयुक्त रूप से बड़ा सैन्य हमला शुरू करने का दावा किया है। दोनों देशों का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल विकास को रोकने के उद्देश्य से की गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि अमेरिका ने ईरान में “मेजर कॉम्बैट ऑपरेशंस” शुरू कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान लगातार अपने परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है और ऐसी मिसाइलें विकसित कर रहा है जो अमेरिका तक पहुंच सकती हैं।
ईरानी जनता से सत्ता बदलने की अपील
ट्रंप ने अपने बयान में ईरान के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इस मौके का फायदा उठाकर देश की सत्ता अपने हाथ में लें। उन्होंने ईरान की सेना और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स से हथियार डालने की मांग की और चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। इसी बीच रक्षा मंत्री और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के शीर्ष कमांडर की मौत की खबरों को ईरान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
खामेनेई के दफ्तर के पास पहला हमला
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले की शुरुआत इजरायल ने की। पहला हमला ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के कार्यालय के पास किया गया। ईरानी मीडिया के अनुसार देश के कई हिस्सों में एक साथ हमले हुए और राजधानी तेहरान की सड़कों पर धुआं उठता देखा गया।
ईरान की जवाबी कार्रवाई
हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान ने इजरायल की ओर मिसाइलें दागीं और खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया। इराक के इरबिल स्थित अमेरिकी आर्मी बेस के पास धमाकों की आवाज सुने जाने और धुआं उठने की जानकारी सामने आई है।