Edited By Pardeep,Updated: 22 May, 2026 02:59 AM

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर कस्बे में बृहस्पतिवार रात उस समय चीख-पुकार मच गई, जब अज्ञात बदमाशों ने बीच सड़क पर खूनी खेल खेलते हुए अंधाधुंध गोलीबारी कर दी।
उल्हासनगर/ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर कस्बे में बृहस्पतिवार रात उस समय चीख-पुकार मच गई, जब अज्ञात बदमाशों ने बीच सड़क पर खूनी खेल खेलते हुए अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस भीषण हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है।
15 राउंड फायरिंग से फैली दहशत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात उल्हासनगर की कैलाश कॉलोनी में रात करीब 8:30 बजे हुई। हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने पीड़ितों को संभलने का मौका तक नहीं दिया और उन पर करीब 15 गोलियां बरसा दीं। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका थर्रा उठा और स्थानीय लोगों में जबरदस्त दहशत फैल गई।
पुरानी दुश्मनी का संदेह
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों का प्रारंभिक अनुमान है कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे पुरानी दुश्मनी हो सकती है। हालांकि, हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा घायल
इस हमले में घायल तीसरे व्यक्ति को तुरंत आपातकालीन उपचार के लिए ठाणे के एक अस्पताल में ले जाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।