Edited By Pardeep,Updated: 04 Jan, 2026 11:31 PM

ग्रेटर नोएडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मणिपुर की रहने वाली एक महिला ने अपने साउथ कोरियाई लिव-इन बॉयफ्रेंड की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
नेशनल डेस्कः ग्रेटर नोएडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मणिपुर की रहने वाली एक महिला ने अपने साउथ कोरियाई लिव-इन बॉयफ्रेंड की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की हो चुकी थी मौत
नॉलेज पार्क थाना पुलिस को इस घटना की जानकारी तब मिली, जब GIMS अस्पताल की ओर से सूचना दी गई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि एक विदेशी युवक को उसकी महिला साथी अस्पताल लेकर आई थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान डक ही यूह (Duck Hee Yuh) के रूप में हुई है, जो दक्षिण कोरिया का नागरिक था।
आरोपी महिला की पहचान, क्या कहा पुलिस पूछताछ में
पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान लुंजियाना पामई (Lunjeana Pamai) के रूप में की है, जो मणिपुर की रहने वाली है। पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि उसका बॉयफ्रेंड शराब पीने के बाद अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच शराब पीते समय जोरदार बहस हुई। वह लंबे समय से मानसिक तनाव और गुस्से में थी। इसी झगड़े के दौरान उसने गुस्से में आकर चाकू से वार कर दिया। महिला ने यह भी दावा किया कि उसका इरादा अपने बॉयफ्रेंड को मारने का नहीं था।
छाती में चाकू मारने से हुई मौत
पुलिस के अनुसार, झगड़े के दौरान लुंजियाना पामई ने अपने बॉयफ्रेंड के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद महिला खुद उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस जब अस्पताल पहुंची, उस समय महिला वहीं मौजूद थी।
हाईराइज फ्लैट में साथ रहते थे दोनों
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों ग्रेटर नोएडा के एक हाईराइज अपार्टमेंट में लिव-इन रिलेशनशिप में रहते थे। डक ही यूह एक मोबाइल कंपनी में मैनेजर के पद पर काम करता था। दोनों के बीच पहले भी झगड़े और घरेलू विवाद होते रहे थे
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, केस दर्ज
फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट से यह साफ होगा कि चाकू के कितने वार किए गए और मौत की सटीक वजह क्या रही। इस मामले में नॉलेज पार्क थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों, मेडिकल रिपोर्ट और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।