Edited By Radhika,Updated: 09 Mar, 2026 01:42 PM

अगर आपके इनबॉक्स में e-PAN कार्ड डाउनलोड करने का कोई ईमेल आया है, तो इसे खोलने की गलती न करें। डिजिटल युग में ठगों ने अब सीधे आपके PAN Card को हथियार बनाया है। सरकारी एजेंसी PIB Fact Check ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक चेतावनी जारी करते हुए इस...
नेशनल डेस्क: अगर आपके इनबॉक्स में e-PAN कार्ड डाउनलोड करने का कोई ईमेल आया है, तो इसे खोलने की गलती न करें। डिजिटल युग में ठगों ने अब सीधे आपके PAN Card को हथियार बनाया है। सरकारी एजेंसी PIB Fact Check ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक चेतावनी जारी करते हुए इस बड़े साइबर स्कैम का पर्दाफाश किया है।
क्या है e-PAN कार्ड स्कैम?
साइबर अपराधी खुद को Income Tax Department का अधिकारी बताकर लोगों को ईमेल भेज रहे हैं। इन ईमेल्स में दावा किया जाता है कि आपका e-PAN तैयार है और इसे डाउनलोड करने के लिए एक लिंक दिया जाता है। जैसे ही कोई यूजर उस लिंक पर क्लिक करता है, वह एक फर्जी वेबसाइट पर पहुँच जाता है। यहाँ ठग आपकी निजी जानकारी जैसे आधार नंबर, बैंक अकाउंट डिटेल्स और मोबाइल OTP चुरा लेते हैं, जिसका इस्तेमाल बाद में फर्जी लोन लेने या बैंक खाता खाली करने के लिए किया जाता है।
साइबर एक्सपर्टस ने बताए ठगी से बचने के तरीके
PIB Fact Check और साइबर एक्सपर्ट्स ने इस ठगी से बचने के लिए कुछ जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं:
1. जवाब न दें: ऐसे किसी भी संदिग्ध ईमेल का रिप्लाई न करें, चाहे भेजने वाला खुद को बड़ा सरकारी अधिकारी ही क्यों न बताए।
2. अटैचमेंट से बचें: ईमेल के साथ आई किसी भी फाइल को डाउनलोड न करें। इसमें मैलवेयर या वायरस हो सकता है जो आपके फोन या कंप्यूटर का डेटा उड़ा सकता है।
3. लिंक पर क्लिक न करें: ईमेल में दिए गए 'Download' बटन या लिंक पर क्लिक करने से बचें।
4. ब्राउजर में कॉपी-पेस्ट न करें: हैकर्स अक्सर ऐसे लिंक बनाते हैं जो दिखने में असली वेबसाइट जैसे लगते हैं। इन्हें सर्च बार में पेस्ट करना खतरनाक हो सकता है।
5. सुरक्षा कवच: अपने डिवाइस में हमेशा अपडेटेड एंटी-वायरस और फायरवॉल का उपयोग करें।
यहाँ करें तुरंत शिकायत
अगर आपको ऐसा कोई ईमेल प्राप्त होता है, तो घबराएं नहीं बल्कि सतर्कता दिखाते हुए इन स्टेप्स को फॉलो करें:
- संदिग्ध ईमेल या वेबसाइट के लिंक को webmanager@incometax.gov.in पर फॉरवर्ड करें।
- इस धोखाधड़ी की जानकारी incident@cert-in.org.in पर भी दें।
- शिकायत करने के बाद उस ईमेल को अपने इनबॉक्स से तुरंत डिलीट कर दें।