पंजाब कांग्रेस विवादः 58 विधायक-मंत्री, 8 सांसद संग कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किया शक्ति प्रदर्शन

Edited By Updated: 27 Aug, 2021 10:43 AM

capt amarinder singh demonstrated strength with 58 mlas 8 mps

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकारों द्वारा कश्मीर पर दिए बयानों के बाद एक बार फिर पंजाब कांग्रेस की कलह खुलकर सामने आ गई है। राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इसको लेकर कड़ी...

चंडीगढ़/जालंधर(अश्वनी/ धवन): कांग्रेस नेतृत्व द्वारा 2022 के विधानसभा चुनावों को लेकर स्थिति साफ कर देने के बाद कल पहली बार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के समर्थकों द्वारा शक्ति प्रदर्शन किया गया जिसमें 58 विधायक-मंत्री व 8 सासंदों ने भाग लिया जबकि कुछ विधायक बाहर होने के कारण रात्रि भोज में सम्मिलित नहीं हो सके परंतु उन्होंने अपनी मौखिक सहमति भेजी हुई थी। इन नेताओं में 50 हारे हुए नेता तथा 10 दूसरे पक्ष के नेता थे। 

सूत्रों ने बताया कि पंजाब के कैबिनेट मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी जोकि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के समर्थक माने जाते हैं, ने आज रात अपने चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर रात्रि भोज का आयोजन किया। खास बात यह रही कि यह रात्रि भोज उस सरकारी आवास में हुआ, जो कभी नवजोत सिद्धू को आबंटित किया गया था। इस जगह का चयन इसलिए किया गया है ताकि सिद्धू खेमे को ताकत का संदेश दिया जा सके। कैप्टन अमरेंद्र सिंह के समर्थक एक मंत्री ने बताया कि रात्रि भोज में वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष राणा के.पी., डिप्टी स्पीकर के अलावा अन्य सभी समर्थक मंत्री पहुंचे हुए थे।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि रात्रि भोज में सांसद महारानी परनीत कौर, मुख्यमंत्री की पुत्री जयइंद्र कौर, कैबिनेट मंत्री ब्रह्म महिंद्रा, भारत भूषण आशु, विजयइंद्र सिंगला, मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, साधु सिंह धर्मसोत के अलावा कई अन्य वरिष्ठ विधायक भी मौजूद थे। रात्रि भोज में कैप्टन के साथ सभी विधायकों ने खुल कर बातचीत की तथा उन्हें अपना पूरा समर्थन दे दिया। कैप्टन अमरेंद्र ने कहा कि इस समय हमें पार्टी को मजबूती देनी है तथा आगे का रास्ता तय करना है जिसके तहत सोनिया गांधी से मिले निर्देशों के तहत कांग्रेस को 2022 में विजयी बनाकर पुन: सत्ता में लाना है।

जितने विधायक सरकार बनाने के लिए चाहिए, उतने रात्रि भोज में उपस्थित 
विधायक हरमिंद्र सिंह गिल ने कहा कि कैप्टन के खिलाफ बगावत का आइडिया गलत है। इसे हर कोई जितनी जल्दी समझ लें, उतना ही सबके लिए बेहतर है। गिल से जब विधायकों की गिनती के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के लिए जितने विधायक चाहिए, उससे ज्यादा विधायक रात्रि भोज में उपस्थित थे। इस दौरान मंत्री तृप्त राजिंद्र सिंह बाजवा के घर हुई बैठक में शामिल कई विधायक भी पहुंचे। 

2022 में कैप्टन के चेहरे के ऐलान का जश्न
विधायक राजकुमार वेरका ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने 2022 का चुनाव मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लडऩे का ऐलान कर दिया है। सभी विधायकों ने यहां इसी खुशी में रात्रि भोज किया है।  

बगावत करने वालों का मुंह हुआ कड़वा : फतेहजंग बाजवा 
विधायक फतेहजंग सिंह बाजवा ने रात्रि भोज के बाद ऐलान किया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ बगावत करने वालों के लिए यह रात्रि भोज कड़वे घूंट जैसा है, क्योंकि इस समूह ने यह साबित कर दिया है कि अमरेंद्र सिंह ही उनके कप्तान हैं। बाजवा ने दावा किया कि 90 कांग्रेसी नेता मौजूद थे। इसमें 60 से ज्यादा मौजूदा मंत्री व विधायक रात्रि भोज में उपस्थित थे। कैप्टन अमरेंद्र सिंह का सबसे बड़ा कद है। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!