Edited By Parveen Kumar,Updated: 27 Dec, 2025 01:00 AM

ओडिशा के कई हिस्सों में शीत लहर का कहर जारी है और शुक्रवार को 11 स्थानों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण ओडिशा का कोरापुट शहर राज्य में दिन का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान...
नेशनल डेस्क: ओडिशा के कई हिस्सों में शीत लहर का कहर जारी है और शुक्रवार को 11 स्थानों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण ओडिशा का कोरापुट शहर राज्य में दिन का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस था, जबकि रात का तापमान कोरापुट जिले के सेमिलिगुडा में 6.3 डिग्री सेल्सियस था। कंधमाल जिले के दरिंगबाड़ी शहर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके बाद झारसुगुड़ा में 7.2 डिग्री सेल्सियस, फुलबनी में 7.5 डिग्री सेल्सियस, जी उदयगिरि में 7.8 डिग्री सेल्सियस, राउरकेला में 8 डिग्री सेल्सियस, किरेई में 8.3 डिग्री सेल्सियस, नबरंगपुर में 8.5 डिग्री सेल्सियस, सुंदरगढ़ में 9 डिग्री सेल्सियस और भवानीपटना में 9.8 डिग्री सेल्सियस का स्थान रहा। राज्य की राजधानी भुवनेश्वर और कटक में बृहस्पतिवार रात का तापमान क्रमशः 14.6 डिग्री सेल्सियस और 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि अगले चार दिनों तक रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे राज्य में ठंड का असर बना रहेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
आगामी पांच दिनों के दौरान राज्य के कई जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने शनिवार तड़के कंधमाल, कोरापुट, कालाहांडी और नयागढ़ जिलों में घने कोहरे की संभावना जताते हुए ‘येलो अलर्ट' (सतर्क रहें) जारी की है। इसी तरह रविवार सुबह के लिए कंधमाल, कोरापुट, नयागढ़, गंजाम, जगतसिंहपुर, कटक, ढेंकनाल, अंगुल और खुर्दा जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, 29 और 30 दिसंबर को खुर्दा, पुरी और जगतसिंहपुर जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि 31 दिसंबर के लिए बालासोर और गजपति जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।