Edited By Rohini Oberoi,Updated: 10 Feb, 2026 10:49 AM

इंसान अब केवल अंतरिक्ष की सैर तक सीमित नहीं रहना चाहता बल्कि वहां बसने के सपने देख रहा है लेकिन क्या अंतरिक्ष में बच्चे को जन्म देना संभव है? एक नई अंतरराष्ट्रीय स्टडी ने इस विषय पर गंभीर चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों का मानना है कि 'स्पेस...
Space Pregnancy : इंसान अब केवल अंतरिक्ष की सैर तक सीमित नहीं रहना चाहता बल्कि वहां बसने के सपने देख रहा है लेकिन क्या अंतरिक्ष में बच्चे को जन्म देना संभव है? एक नई अंतरराष्ट्रीय स्टडी ने इस विषय पर गंभीर चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों का मानना है कि 'स्पेस रिप्रोडक्शन' तकनीकी रूप से तो आगे बढ़ रहा है लेकिन जैविक और नीतिगत रूप से यह एक खतरनाक मिशन साबित हो सकता है।
स्पेस अब सिर्फ वर्कप्लेस नहीं, प्रजनन केंद्र भी?
'रिप्रोडक्टिव बायोमेडिसिन ऑनलाइन' जर्नल में प्रकाशित यह रिपोर्ट 9 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने तैयार की है। स्टडी के अनुसार अब अंतरिक्ष यात्री लंबे समय तक स्पेस स्टेशन पर रहते हैं और कमर्शियल फ्लाइट्स के जरिए पर्यटक भी वहां जा रहे हैं। ऐसे में प्रजनन स्वास्थ्य (Reproductive Health) अब केवल थ्योरी नहीं बल्कि एक बड़ी प्रैक्टिकल चुनौती बन गया है।

क्यों मुश्किल है अंतरिक्ष में नई जिंदगी?
वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष की परिस्थितियों को इंसानी भ्रूण और प्रजनन क्षमता के लिए बेहद प्रतिकूल बताया है:
-
कॉस्मिक रेडिएशन: अंतरिक्ष में मौजूद घातक किरणें महिलाओं के मासिक चक्र को प्रभावित कर सकती हैं और कैंसर का खतरा बढ़ा सकती हैं।
-
माइक्रो ग्रेविटी: गुरुत्वाकर्षण की कमी भ्रूण के विकास और हड्डियों की संरचना पर बुरा असर डाल सकती है।
-
बायोलॉजिकल क्लॉक: अंतरिक्ष में दिन-रात का चक्र (Circadian Rhythm) बिगड़ जाता है जिसका सीधा असर हार्मोनल संतुलन पर पड़ता है।

क्या IVF और आधुनिक तकनीक बनेगी सहारा?
स्टडी के अनुसार धरती पर सफल ART (असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी) जैसे आईवीएफ (IVF) और अंडाणु-शुक्रणु को फ्रीज करना (Cryopreservation) अब अंतरिक्ष के लिए भी पोर्टेबल और ऑटोमेटेड हो चुके हैं।
-
जेनेटिक स्क्रीनिंग: अंतरिक्ष में विकसित होने वाले भ्रूण में आनुवंशिक बीमारियों की जांच अब वहां भी संभव हो सकती है।
-
भ्रूण संवर्धन: लैब की नियंत्रित स्थितियों में भ्रूण को विकसित करने वाली तकनीकें अत्यधिक कठिन परिस्थितियों में भी काम करने के लिए तैयार की जा रही हैं।

नीतिगत अंधेरा: नियमों की भारी कमी
नासा के विशेषज्ञ डॉ. फाथी करुइया और गाइल्स पामर का कहना है कि तकनीक तो तैयार हो रही है लेकिन नियम (Governance) अब भी पीछे हैं।
-
बड़ा सवाल: अगर अंतरिक्ष मिशन के दौरान कोई अनियोजित गर्भधारण (Unplanned Pregnancy) होता है या रेडिएशन के कारण कोई बांझपन का शिकार होता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
-
नैतिकता: क्या अंतरिक्ष में पैदा होने वाले बच्चे की जेनेटिक स्क्रीनिंग करना नैतिक होगा?