Edited By Mehak,Updated: 20 Feb, 2026 04:17 PM

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार का एक वर्ष का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में गरीबों और झुग्गीवासियों के कल्याण, आयुष्मान भारत योजना, जेजे क्लस्टर विकास, सीवेज शोधन, गाद हटाने, सड़क और फ्लाईओवर निर्माण जैसे...
नेशनल डेस्क : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए कहा कि सरकार ने पिछले एक वर्ष में सभी क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने और गरीबों के कल्याण के उद्देश्य से काम किया है। पिछले साल हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भारी जीत के बाद गुप्ता और उनकी मंत्रिपरिषद ने 20 फरवरी 2025 को शपथ ली। दिल्ली सचिवालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का रिपोर्ट कार्ड भाजपा शासन के तहत पिछले एक वर्ष में किए गए कठिन परिश्रम और बदलावों का एक तथ्य पत्रक है और इसके लिए अंत्योदय के दर्शन का पालन किया गया है।
उन्होंने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली कैबिनेट बैठक में सरकार ने आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना को लागू करने का निर्णय लिया, जिसमें सात लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है और अब तक 30,000 से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। गुप्ता ने कहा, "हमने दिल्ली की कार्य संस्कृति को बदल दिया है। पिछली सरकार बहुत शोर मचाती थीं। हमने दिल्ली के सभी क्षेत्रों में काम किया है। आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा का निर्णय पहली कैबिनेट बैठक में ही ले लिया गया था। अब तक लगभग 30,000 लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।"

उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार शहर में गरीबों और झुग्गीवासियों के कल्याण के लिए भी प्रतिबद्ध है, और इसके लिए उन्होंने शहर में जेजे क्लस्टर के विकास के लिए बजट में 700 करोड़ रुपये के आवंटन का हवाला दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, "झुग्गी-झोपड़ी और जेजे क्लस्टर में रहने वालों के पुनर्वास के लिए 13,000 फ्लैट भी जल्द ही तैयार हो जाएंगे।" उन्होंने कहा कि 37 में से 28 सीवेज शोधन संयंत्रों (एसटीपी) का उन्नयन किया जा चुका है और शेष पर काम जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा, "बड़े संयंत्रों से आगे बढ़कर विकेंद्रीकृत एसटीपी भी स्थापित किए जा रहे हैं और हमारा लक्ष्य सीवेज शोधन क्षमता को बढ़ाना है। सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर गाद हटाने का अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 22,000 मीट्रिक टन गाद हटाई गई ताकि ओवरफ्लो और प्रदूषण को रोका जा सके।" गुप्ता ने कहा, "अराजकता और उपेक्षा की स्थिति से बाहर निकलते हुए, हमारी सरकार ने दिल्ली में बेहतर प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए साल के 365 दिन काम किया है।

हमारी सरकार ने दिल्ली की अर्थव्यवस्था को स्थिर करने का भी निर्णय लिया। हमने आरबीआई के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए और आरबीआई को अपना आधिकारिक बैंकर बनाया।" उनके मुताबिक, दिल्ली सरकार ने जनता की शिकायतों, प्रतिक्रियाओं और अपीलों के लिए दिल्ली सरकार के 'जन सुनवाई पोर्टल' को भी नया रूप दिया है। मुख्यमंत्री ने अपनी रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए यह भी कहा कि इस वर्ष मानसून से पहले, दिल्ली सरकार 400 किलोमीटर सड़कों के पुनर्निर्माण कार्य को पूरा करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा, "नंद नगरी फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो चुका है, बारापुल्ला फ्लाईओवर इस साल जून तक पूरा होने की संभावना है। इस फ्लाईओवर की समस्याओं को ठीक करने के लिए पिछली सरकार के पास समय नहीं था।" गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पिछले साल जलभराव वाले 72 स्थानों की पहचान की थी, इन स्थानों को ठीक करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उनके मुताबिक, सरकार का लक्ष्य शहर में 40 फुटओवर ब्रिज के निर्माण का भी है।