Edited By Mehak,Updated: 06 Feb, 2026 06:44 PM

दिल के मरीजों को अकेले में हार्ट अटैक का खतरा सबसे ज्यादा होता है। फिजीशियन डॉ. अमनदीप अग्रवाल ने बताया कि सबसे पहले हार्ट अटैक के लक्षण जैसे सीने में दबाव, लेफ्ट हैंड में दर्द, पसीना, सांस लेने में कठिनाई या अचानक ठंड लगना पहचानना जरूरी है। हार्ट...
नेशनल डेस्क : दिल के मरीजों (Heart Patients) के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि अगर उन्हें अकेले में हार्ट अटैक का अनुभव हो तो कैसे तुरंत प्रतिक्रिया दें। दिल का दौरा किसी भी समय और किसी को भी हो सकता है, लेकिन सही समय पर उठाए गए कदम जीवन बचाने में मदद कर सकते हैं। एक फिजीशियन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर हार्ट अटैक के दौरान अपनाए जाने वाले जरूरी कदम साझा किए हैं।
अकेले में हार्ट अटैक आने पर तुरंत उठाएं ये कदम
1. शांत रहें और मूवमेंट बंद करें:
अगर आपको हार्ट अटैक के लक्षण महसूस हों, तो तुरंत किसी सुरक्षित जगह पर बैठ जाएं। चलने-फिरने से चक्कर आने और गिरने का खतरा बढ़ सकता है।
2. 45 डिग्री झुककर बैठें:
शरीर को थोड़ी आगे की तरफ झुकाकर बैठें। इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर रहता है और हृदय पर दबाव कम होता है।
3. अगर संभव हो तो डिस्प्रिन लें:
घर में डिस्प्रिन उपलब्ध हो तो एक गोली चबाकर निगल सकते हैं। यह एंबुलेंस आने तक समय खरीदने में मदद करती है। ध्यान रहे, यदि आपका डॉक्टर इसे लेने से मना कर चुका है तो इसे न लें।
4. तुरंत मदद बुलाएं:
108 जैसी इमरजेंसी सर्विस या अपने परिवार के सदस्यों को कॉल/मैसेज करके तुरंत सहायता बुलाएं।
5. घर की खिड़कियां और दरवाजे खोलें:
ताकि एंबुलेंस या मदद जल्द से जल्द आप तक पहुँच सके।
6. पैनिक न करें:
इस स्थिति में घबराहट स्थिति को और गंभीर बना सकती है। शांत रहना सबसे जरूरी है।
7. अस्पताल पहुंचने तक इन उपायों का पालन करें:
डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि ये टिप्स इलाज का विकल्प नहीं हैं, लेकिन हार्ट अटैक के दौरान अस्पताल पहुँचने तक जीवन रक्षा में मदद कर सकते हैं।
हार्ट अटैक के सामान्य लक्षण
डॉक्टर के अनुसार, हार्ट अटैक आने से पहले शरीर कुछ संकेत देता है। इनमें शामिल हैं:
- बाएं हाथ में दर्द या अकड़न महसूस होना।
- सीने में दबाव, भारीपन या जलन।
- अचानक अत्यधिक पसीना आना।
- सांस लेने में कठिनाई।
- अंदर से ठंड लगना या घबराहट महसूस होना।
- रात के समय अधेड़ उम्र के लोगों में सीने में जलन या तेजाब जैसी अनुभूति।