Edited By Parveen Kumar,Updated: 26 Mar, 2026 12:39 AM

देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेज़ी दर्ज की गई है। खासतौर पर चांदी के दाम में करीब 5 प्रतिशत का बड़ा उछाल देखने को मिला, जिससे इसकी कीमत 2.40 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गई। वहीं सोना भी महंगा होकर...
नेशनल डेस्क : देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेज़ी दर्ज की गई है। खासतौर पर चांदी के दाम में करीब 5 प्रतिशत का बड़ा उछाल देखने को मिला, जिससे इसकी कीमत 2.40 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गई। वहीं सोना भी महंगा होकर करीब 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है।
दिल्ली में क्या हैं ताजा भाव
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, बुधवार को चांदी की कीमत 11,250 रुपये बढ़कर 2,41,250 रुपये प्रति किलोग्राम (टैक्स सहित) हो गई। इससे पहले इसका भाव 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम था। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 4,900 रुपये की बढ़त के साथ 1,49,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एक दिन पहले सोना 1,44,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इंटरनेशनल मार्केट का असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, घरेलू बाजार में इस तेजी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़त है। HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी एक्सपर्ट सौमिल गांधी ने बताया कि वैश्विक स्तर पर सोने-चांदी की कीमतों में मजबूती का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 82 डॉलर बढ़कर 4,556.55 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया, जबकि चांदी भी करीब 2 प्रतिशत चढ़कर 72.67 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।
डॉलर में गिरावट से मिला सहारा
जानकारों का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में कमजोरी आने से भी सोने और चांदी की कीमतों को सपोर्ट मिला है। जब डॉलर कमजोर होता है, तो निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना-चांदी की ओर रुख करते हैं, जिससे इनके दाम बढ़ जाते हैं।
आगे क्या रह सकता है ट्रेंड
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। वैश्विक राजनीतिक स्थिति, डॉलर की चाल और कच्चे तेल की कीमतें आगे भी इनकी दिशा तय करेंगी।