Edited By Sahil Kumar,Updated: 23 Jun, 2026 01:43 PM

वैश्विक बाजारों में कमजोरी के चलते आज सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। बुलियन मार्केट के साथ-साथ मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं के दाम में गिरावट देखने को मिली।
नेशनल डेस्कः वैश्विक बाजारों में कमजोरी के चलते आज सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। बुलियन मार्केट के साथ-साथ मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं के दाम में गिरावट देखने को मिली। इंडिया बुलियन रेट्स के अनुसार, घरेलू बाजार में 10 ग्राम सोने के दाम में 1,810 रुपये की गिरावट दर्ज की गई, जिससे सोना 1,46,700 रुपये पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी 7,000 रुपये की गिरावट के बाद 2,28,610 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।
MCX पर भी सोने और चांदी के दामों में गिरावट देखने को मिली। MCX पर सोना 1,777 रुपये टूटकर 1,46,341 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान सोने का उच्चतम स्तर 1,47,090 रुपये और निचला स्तर 1,46,172 रुपये रहा। पिछले कारोबारी सत्र में 1,48,118 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं, MCX पर चांदी के दाम 6,747 रुपये गिरकर 2,27,563 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी गिरावट देखने को मिली। वैश्विक बाजार में सोने का रेट 60.80 डॉलर की गिरावट के साथ 4,141.90 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी 2.84 डॉलर टूटकर 62.74 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस पर कारोबार करती दिखी।
इस सप्ताह जारी होने वाले अमेरिका के नॉन-फार्म पेरोल (NFP) और बेरोजगारी के आंकड़ों पर निवेशकों की नजर टिकी हुई है। इन आंकड़ों से यह तय होगा कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतें किस दिशा में जाएंगी। एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी जतीन त्रिवेदी के अनुसार, अमेरिकी रोजगार आंकड़ों के आने तक सोने में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इसके अलावा डॉलर की मजबूती और रुपये में होने वाले बदलाव भी कीमती धातुओं की कीमतों को प्रभावित करेंगे।