Edited By Anu Malhotra,Updated: 24 Mar, 2026 01:58 PM

Is diabetes genetic: आजकल के दौर में डायबिटीज ने अपनी पहचान बदल ली है। एक समय था जब इसे 'बुढ़ापे की बीमारी' कहा जाता था, लेकिन अब यह युवाओं और मासूम बच्चों को भी अपनी चपेट में ले ले रहा है। सबसे बड़ा डर उन घरों में होता है जहां माता-पिता पहले से इस...
Is diabetes genetic: आजकल के दौर में डायबिटीज ने अपनी पहचान बदल ली है। एक समय था जब इसे 'बुढ़ापे की बीमारी' कहा जाता था, लेकिन अब यह युवाओं और मासूम बच्चों को भी अपनी चपेट में ले ले रहा है। सबसे बड़ा डर उन घरों में होता है जहां माता-पिता पहले से इस बीमारी से जूझ रहे हैं। अक्सर लोगों के मन में यह सवाल कौंधता है कि क्या अगर घर के बड़ों को शुगर है, तो बच्चों का इससे बचना नामुमकिन है? क्या जेनेटिक्स ही हमारी सेहत का आखिरी फैसला करते हैं?
जीन या जीवनशैली: असली विलेन कौन?
विज्ञान कहता है कि डायबिटीज के पीछे सिर्फ डीएनए (DNA) का हाथ नहीं होता। बेशक, परिवार के जींस एक भूमिका निभाते हैं, लेकिन वे अकेले आपको बीमार नहीं कर सकते। असल खेल हमारी उन आदतों का है जो हम अपने परिवार से विरासत में लेते हैं—जैसे कि वही भारी-भरकम खान-पान और शारीरिक मेहनत से दूरी बनाना। रिसर्च इशारा करती है कि खान-दान में बीमारी होने का मतलब यह नहीं है कि आपको वह होकर ही रहेगी। यह एक बंद दरवाजे की तरह है जिसकी चाबी आपकी अपनी लाइफस्टाइल के पास है। अगर आप जागरूक हैं, तो आप इस दरवाजे को खुलने से रोक सकते हैं।
खतरे की जंजीर को कैसे तोड़ें?
अगर आप इस चिंता में हैं कि आपकी फैमिली हिस्ट्री आपके भविष्य को खतरे में डाल रही है, तो अच्छी खबर यह है कि आप खुद को सुरक्षित रख सकते हैं। इसके लिए बस कुछ बुनियादी बदलावों की जरूरत है:
वजन और आलस से दूरी: शरीर का बढ़ता घेरा और दिनभर कुर्सी से चिपके रहना डायबिटीज को खुला निमंत्रण है। वजन संतुलित रखकर आप अपने शरीर के सिस्टम को सुचारू बना सकते हैं।
पसीने से दोस्ती: जब आप एक्सरसाइज करते हैं, तो आपकी मांसपेशियां शरीर की शुगर को सोख लेती हैं। हफ्ते में कुछ घंटे की मेहनत आपके ब्लड शुगर को अचानक बढ़ने से रोक सकती है।
थाली में बदलाव: फाइबर से भरपूर खाना जैसे हरी सब्जियां, फल और साबुत अनाज आपके शरीर में चीनी के घुलने की रफ्तार को धीमा कर देते हैं। बाहर का तला-भुना और मीठा खाना भले ही जुबान को अच्छा लगे, लेकिन यह शरीर के लिए किसी मीठे जहर से कम नहीं है। डायबिटीज कोई ऐसी मजबूरी नहीं है जो विरासत में मिलना तय हो। यह आपकी चॉइस और आदतों पर निर्भर करता है। सही खान-पान और एक्टिव रहकर आप अपनी जेनेटिक किस्मत को खुद बदल सकते हैं।