Edited By Rohini Oberoi,Updated: 24 Feb, 2026 04:08 PM

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि नियमों का बार-बार उल्लंघन करने पर ऑर्केस्ट्रा बार के लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे और इस संबंध में जल्द ही कानून में संशोधन किया जाएगा। महाराष्ट्र सरकार ने डांस बार पर प्रतिबंध लगाने के लिए...
नेशनल डेस्क। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि नियमों का बार-बार उल्लंघन करने पर ऑर्केस्ट्रा बार के लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे और इस संबंध में जल्द ही कानून में संशोधन किया जाएगा। महाराष्ट्र सरकार ने डांस बार पर प्रतिबंध लगाने के लिए एक कानून बनाया था लेकिन उच्चतम न्यायालय ने उक्त कानून को संविधान के विरुद्ध करार देते हुए रद्द कर दिया था। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान इस मुद्दे पर चल रही चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि संबंधित कानून में बदलाव किया गया था जिसके तहत बार को ऑर्केस्ट्रा लाइसेंस देने का प्रावधान किया गया था।
फडणवीस ने कहा, ''अदालत ने महिलाओं को बार में काम करने की अनुमति दी और हमने नियमों में संशोधन करके उन्हें और सख्त बना दिया। लेकिन फिर भी पनवेल (नवी मुंबई) जैसे इलाकों में उल्लंघन की शिकायतें आ रही हैं।'' उन्होंने कहा, ''नैसर्गिक न्याय के सिद्धांत के अनुसार हम तीन से चार बार उल्लंघन के मामलों की सुनवाई करेंगे और उन पर कार्रवाई करेंगे; बार-बार उल्लंघन करने पर ऑर्केस्ट्रा बार के लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिए जाएंगे।
इस संबंध में जल्द ही एक संशोधन पेश किया जाएगा। यह संशोधन इसी सत्र में पेश किया जाएगा या अगले विधायी सत्र में।'' फडणवीस ने कहा कि सरकार डांस बार को पूरी तरह से बंद करना चाहती थी लेकिन ऐसा नहीं किया जा सका, क्योंकि डांस बार के मालिक ऑर्केस्ट्रा लाइसेंस की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा, ''हमने सख्त नियमों के साथ ऑर्केस्ट्रा के लिये अनुमति दी थी लेकिन शिकायतें आ रही हैं।''