Edited By Radhika,Updated: 05 Dec, 2025 01:14 PM

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जो कि 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा है। आज पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में पुतिन का भव्य स्वागत किया। इसके बाद पुतिन राष्ट्रपिता...
नेशनल डेस्क: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जो कि 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा है। आज पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में पुतिन का भव्य स्वागत किया। इसके बाद पुतिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने गए। इस समय नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन के तहत द्विपक्षीय वार्ता जारी है।
Putin India Visit Live Updates: पीएम मोदी ने पुतिन से कहा- 'आपके और मेरे संबंधों को 25 साल हो गए'
नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में चल रही 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपने निजी और द्विपक्षीय संबंधों की गहराई को याद किया। भारत-रूस संबंधों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा, "2001 में आपके पदभार संभालने और पहली बार भारत आने के बाद अब 25 वर्ष हो चुके हैं।" पीएम ने उस पहली यात्रा के महत्व को बताते हुए कहा कि उसी समय दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की एक मजबूत नींव रखी गई थी।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, "मेरे लिए खुशी की बात है कि आपके साथ मेरे संबंधों को भी 25 साल हो गए। मेरा मानना है कि आपने 2001 में जो भूमिका निभाई थी, वह इस बात का शानदार उदाहरण है कि एक दूरदर्शी नेता जहां से शुरू करता है, वह रिश्तों को कितनी ऊंचाइयों तक ले जा सकता है।"
प्रधानमंत्री मोदी का यह बयान दोनों देशों के बीच दशकों से चले आ रहे अटूट भरोसे और साझेदारी को दर्शाता है, जो व्यक्तिगत नेताओं के आपसी तालमेल से और भी मजबूत हुई है।
Putin India Visit Live Updates: पुतिन से बोले पीएम मोदी शांति के मार्ग से ही विश्व का कल्याण-
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन के इस दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यूक्रेन संकट पर उनकी लगातार बात हुई है। उन्होंने जोर देकर कहा, "हमें शांति के रास्ते तलाशने चाहिए। शांति के मार्ग से ही विश्व का कल्याण होगा। हम शांति के हर प्रयास के साथ हैं और हमें विश्वास है कि जल्द विश्व चिंताओं से मुक्त होगा और दुनिया जल्द शांति की दिशा में लौटेगी।" प्रधानमंत्री मोदी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन में शांति स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।
Putin India Visit Live Updates: पीएम मोदी ने स्पष्ट किया भारत का रुख
बातचीत की शुरुआत में ही प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन संकट पर भारत का रुख स्पष्ट कर दिया। पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि भारत तटस्थ नहीं है, बल्कि मजबूती से शांति के पक्ष में खड़ा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रूस और यूक्रेन जल्द ही शांति के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे। यह बयान विश्व मंच पर भारत की स्थिति को स्पष्ट करता है, जो सभी तरह के संघर्षों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का पक्षधर रहा है।
Putin India Visit Live Updates: शिखर सम्मेलन का एजेंडा
आज की इस हाई-लेवल मीटिंग का मुख्य फोकस व्यापार (Trade), रक्षा (Defence) और ऊर्जा (Energy) से जुड़े कई समझौतों पर है। इन महत्वपूर्ण समझौतों का ऐलान दोनों नेता बातचीत खत्म होने के बाद एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेंगे। शाम को 7 बजे रूसी राष्ट्रपति पुतिन, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के लिए राष्ट्रपति भवन जाएंगे।