Edited By Anu Malhotra,Updated: 14 Feb, 2026 08:43 AM

कोलंबो में होने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ विज्ञापन जगत में भी जबरदस्त हलचल मची हुई है। भारत-पाकिस्तान मैच के लिए यह आंकड़ा बढ़कर 30 से 40 लाख रुपये तक पहुंच गया है।...
नेशनल डेस्क: कोलंबो में होने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ विज्ञापन जगत में भी जबरदस्त हलचल मची हुई है। खेल के मैदान पर होने वाली इस मैच ने व्यापारिक गलियारों में भी रिकॉर्ड तोड़ उत्साह पैदा कर दिया है। चूंकि भारत-पाक मैच हमेशा से दर्शकों की संख्या के मामले में नए कीर्तिमान स्थापित करते रहे हैं, इसलिए इस बार भी प्रसारणकर्ताओं और दिग्गज कंपनियों के बीच व्यूअरशिप को भुनाने की बड़ी होड़ देखने को मिल रही है। कंपनियां अपने ब्रांड्स को करोड़ों दर्शकों तक पहुंचाने के लिए मैच से पहले ही विज्ञापन स्लॉट बुक करने में पूरी ताकत लगा रही हैं।
विज्ञापन दरों में ऐतिहासिक उछाल और कमाई का गणित
इस महामुकाबले की लोकप्रियता का सीधा असर विज्ञापन की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। सामान्य वर्ल्ड कप मैचों के दौरान जहां 10 सेकंड के टीवी विज्ञापन की दर 20 से 25 लाख रुपये के आसपास रहती है, वहीं भारत-पाकिस्तान मैच के लिए यह आंकड़ा बढ़कर 30 से 40 लाख रुपये तक पहुंच गया है। विज्ञापन दरों में हुई इस 25 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी के बावजूद कंपनियां हर उपलब्ध सेकंड को खरीदने के लिए तैयार खड़ी हैं।
खेल विशेषज्ञ नीरज झा का मानना है कि ऐसे बड़े मैचों में हर सेकंड की अपनी एक ब्रांड वैल्यू होती है जिसे कोई भी कंपनी हाथ से नहीं जाने देना चाहती। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पूरे टूर्नामेंट से प्रसारणकर्ता JioStar को करीब 2000 करोड़ रुपये की बम्पर कमाई होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी बढ़ी डिमांड
सिर्फ टेलीविजन ही नहीं, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी विज्ञापनों की मांग और कीमतों ने आसमान छू लिया है। डिजिटल प्रसारणकर्ता JioStar पर 10 सेकंड के विज्ञापन की दरें अब 15 से 20 लाख रुपये के बीच पहुँच गई हैं। वैश्विक मार्केटिंग फर्म 'कोमर्ज' के डायरेक्टर कौशल सिंघवी के अनुसार, कंपनियां इस मैच के दौरान अपनी मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए ऊंची कीमतों की परवाह नहीं कर रही हैं। Digital और TV दोनों ही माध्यमों पर व्यूअरशिप के पुराने रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है, यही वजह है कि ऑटोमोबाइल, FMCG, फाइनेंशियल सर्विसेज और रियल एस्टेट जैसे बड़े सेक्टर्स इस मौके को अपने नए प्रोडक्ट लॉन्च और मार्केटिंग कैंपेन के लिए सबसे प्रभावी मंच मान रहे हैं।
Brands के लिए Mega Event बना कोलंबो का मुकाबला
भारत और पाकिस्तान का यह मैच अब केवल एक खेल प्रतियोगिता न रहकर एक बड़े व्यापारिक अवसर में तब्दील हो चुका है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, विज्ञापनदाताओं के बीच इस कदर उत्साह है कि स्लॉट बुक करने के लिए मारामारी मची हुई है। विज्ञापन की दुनिया में इस मैच को एक 'मेगा इवेंट' के तौर पर देखा जा रहा है, जहां निवेश करने से ब्रांड्स को ग्लोबल एक्सपोजर मिलता है। कुल मिलाकर, कोलंबो में होने वाला यह मुकाबला जहाँ खिलाड़ियों के लिए प्रतिष्ठा की जंग है, वहीं ब्रॉडकास्टर्स और कंपनियों के लिए मुनाफे का सबसे बड़ा उत्सव बनकर उभरा है।