Edited By Parveen Kumar,Updated: 14 Apr, 2026 07:27 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर 26 अलीपुर रोड, नई दिल्ली स्थित महापरिनिर्वाण भूमि पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह वही पावन स्थल है, जहां डॉ. अंबेडकर ने अपने जीवन की अंतिम...
नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर 26 अलीपुर रोड, नई दिल्ली स्थित महापरिनिर्वाण भूमि पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह वही पावन स्थल है, जहां डॉ. अंबेडकर ने अपने जीवन की अंतिम सांस ली थी।
इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए चुग ने कहा कि आज पूरा देश भारत रत्न, संविधान निर्माता और महान समाज सुधारक पूज्य डॉ. भीमराव अंबेडकर जी को श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पूरे देश में इस दिन को श्रद्धा, सम्मान और उत्सव के रूप में मना रहे हैं।
चुग ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि देश आज कांग्रेस से पूछ रहा है कि उसकी चार पीढ़ियों ने सात दशकों तक डॉ. अंबेडकर का अपमान क्यों किया। उन्होंने कहा कि जब महात्मा गांधी के कहने पर डॉ. अंबेडकर देश के पहले मंत्रिमंडल में कानून मंत्री बने, तब पंडित जवाहरलाल नेहरू के द्वेषपूर्ण व्यवहार और अत्याचारों के कारण उन्हें इस्तीफा देना पड़ा।
चुग ने कहा कि कांग्रेस ने केवल उनके साथ राजनीतिक अन्याय ही नहीं किया, बल्कि उन्हें चुनावों में हराने के लिए भी षड्यंत्र रचे। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वयं नेहरू मुंबई जाकर बैठे, उनके वोट कटवाए गए और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पराजित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि डॉ. अंबेडकर के जीवित रहते हुए भी उनका विरोध किया गया और उनके निधन के बाद भी दिल्ली में उनके अंतिम संस्कार के लिए चार गज जमीन तक नहीं दी गई।
चुग ने कहा कि डॉ. अंबेडकर जी के विचारों को दबाने का प्रयास भी लगातार किया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर की सोच पर आधारित काका कालेलकर की रिपोर्ट को रोक दिया गया। यहां तक कि बाद के वर्षों में भी कांग्रेस नेतृत्व ने आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर डॉ. अंबेडकर की मूल भावना के विपरीत काम किया।
तरुण चुग ने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष, विचार और योगदान को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. अंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों का निर्माण करवाकर देश को एक ऐसी विरासत दी है, जिससे नई पीढ़ियां उनके जीवन को समझ सकें और उनके संघर्षों से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि 26 अलीपुर रोड भी उन्हीं पवित्र स्थलों में से एक है, जहां आज पूरा देश श्रद्धा के साथ नमन कर रहा है।
चुग ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने जिस सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और समान अधिकारों वाले भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने का कार्य आज प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को पूरे अधिकार और सम्मान देने की दिशा में जो ठोस कदम उठाए गए हैं, वे डॉ. अंबेडकर की दृष्टि को आगे बढ़ाने वाले हैं।
चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी निरंतर प्रयास कर रहे हैं कि डॉ. अंबेडकर का विचार जन-जन तक पहुंचे, समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और देश के युवाओं में एक नया संकल्प जागे। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, संवैधानिक चेतना और राष्ट्रीय पुनर्जागरण के महान प्रतीक हैं।
चुग ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर हम सबका यह संकल्प होना चाहिए कि उनके विचारों, उनके संघर्ष और उनके सपनों को देश के हर नागरिक तक पहुंचाया जाए और एक ऐसे भारत के निर्माण में योगदान दिया जाए, जिसका सपना बाबा साहेब ने देखा था।