Edited By Anu Malhotra,Updated: 21 May, 2026 01:19 PM

Twisha Sharma Case: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा सुसाइड केस लगातार नए खुलासों की वजह से सुर्खियों में बना हुआ है। अब इस मामले में एक नया वायरल वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहे इस वीडियो में ट्विशा शर्मा बेहद खुश और सामान्य...
Twisha Sharma Case: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा सुसाइड केस लगातार नए खुलासों की वजह से सुर्खियों में बना हुआ है। अब इस मामले में एक नया वायरल वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहे इस वीडियो में ट्विशा शर्मा बेहद खुश और सामान्य नजर आ रही हैं। सामने आए वीडियो में ट्विशा अपने घर के लिविंग रूम में भजन की धुन पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। उनके साथ उनका पालतू डॉग भी खेलता और उछलता नजर आता है। वीडियो में ट्विशा के चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई दे रही है और वह पूरी तरह सामान्य माहौल में दिख रही हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर ट्विशा मानसिक तनाव या डिप्रेशन में थीं, तो वीडियो में वह इतनी खुश और सहज कैसे नजर आ रही हैं।
सास के आरोपों पर उठे सवाल
इससे पहले ट्विशा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने दावा किया था कि ट्विशा मानसिक रूप से परेशान थीं और ड्रग्स लेती थीं। हालांकि वायरल वीडियो के बाद इन दावों पर सवाल उठने लगे हैं। कई लोग इसे परिवार की ओर से बनाई गई कहानी बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन ने मांगी रिपोर्ट
गिरिबाला सिंह फिलहाल भोपाल उपभोक्ता फोरम की अध्यक्ष हैं। ट्विशा के परिवार की शिकायत के बाद अब प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से राज्य उपभोक्ता आयोग को पत्र भेजकर गिरिबाला सिंह के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले की जांच रिपोर्ट मांगी गई है। नियमों के तहत उन्हें पद से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है।
CCTV फुटेज से बढ़ी जांच
इस केस की जांच कर रही SIT को एक अहम CCTV फुटेज भी मिला है। बताया जा रहा है कि 12 मई को ट्विशा हाथ में हेडफोन लेकर बिल्डिंग की सीढ़ियों से छत की तरफ जाती दिखाई दी थीं। फुटेज में वह सामान्य हालत में नजर आ रही हैं। करीब एक घंटे बाद उनके पति समर्थ शर्मा और अन्य लोग उन्हें बेसुध हालत में नीचे लाते दिखे। पुलिस के अनुसार ट्विशा छत पर जिमनास्टिक बेल्ट से लटकी मिली थीं।
मां ने बताई आखिरी कॉल की कहानी
ट्विशा की मां का दावा है कि छत पर जाने के बाद उनकी बेटी ने उन्हें फोन किया था। कॉल के दौरान ट्विशा ने ससुराल में हो रही प्रताड़ना की बात बताई थी। इसी बीच पीछे से किसी व्यक्ति की तेज आवाज सुनाई दी और अचानक फोन कट गया। परिवार का आरोप है कि ट्विशा लंबे समय से मानसिक और घरेलू प्रताड़ना झेल रही थीं।
पति अब भी फरार
मामले में आरोपी सास गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, लेकिन ट्विशा के पति समर्थ शर्मा अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर इनाम की राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दी है।