Edited By Tanuja,Updated: 27 Jun, 2026 02:54 PM

कनाडा सीमा सेवा एजेंसी (CBSA) ने बताया कि जबरन वसूली (Extortion) से जुड़े मामलों में अब तक 81 लोगों को देश से निकाला जा चुका है, जबकि 139 अन्य के खिलाफ निष्कासन प्रक्रिया जारी है। सार्वजनिक रूप से जिन लोगों की पहचान सामने आई है, उनमें लगभग दो दर्जन...
International Desk: कनाडा बॉर्डर सर्विसेज़ एजेंसी (CBSA) ने जबरन वसूली (Extortion) और उससे जुड़े संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ा खुलासा किया है। कनाडा ने रंगदारी और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 80 से अधिक लोगों को देश से निष्कासित कर दिया है। इनमें सार्वजनिक रूप से सामने आए मामलों में दो दर्जन से अधिक भारतीय नागरिक शामिल हैं। वहीं, 139 अन्य लोगों के खिलाफ भी निष्कासन की प्रक्रिया जारी है।
एजेंसी के अनुसार 18 जून 2026 तक 484 आव्रजन जांच (Immigration Investigations) शुरू की गईं। 139 निष्कासन (Removal Orders) के आदेश जारी किए गए हैं, जिन पर अमल की प्रक्रिया जारी है।81 लोगों को कनाडा से निष्कासित (Deported) किया जा चुका है। CBSA ने राष्ट्रीयता के आधार पर आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं। हालांकि, जिन लोगों के नाम सार्वजनिक किए गए हैं, उनमें करीब दो दर्जन सभी भारतीय नागरिक हैं। अब तक सार्वजनिक रूप से सामने आए निष्कासन मामलों में भारतीयों की संख्या सबसे अधिक रही है।
किन इलाकों में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई?
ब्रिटिश कोलंबिया (पैसिफिक रीजन) में British Columbia के मेट्रो वैंकूवर और Surrey क्षेत्र में 150 जांच शुरू हुईं। 69 निष्कासन आदेश जारी हुए। 46 लोगों को कनाडा से निकाला गया। ग्रेटर टोरंटो एरिया (GTA) में 196 जांच, 33 निष्कासन आदेश और 17 लोगों को निष्कासित किया गया। Calgary और Edmonton सहित 138 की जांच की, 37 निष्कासन आदेश और 18 लोगों को देश निकाला दिया गया।
कनाडा सरकार का सख्त संदेश
कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री Gary Anandasangaree ने कहा,"हम कानून लागू करने वाली एजेंसियों को मजबूत कर रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि जो लोग दूसरों का शोषण करते हैं या समाज के लिए खतरा बनते हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाए। जिन लोगों को कनाडा में रहने का कानूनी अधिकार नहीं है और जो अपराध में शामिल हैं, उन्हें देश से हटाया जाएगा।" उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 से शुरू हुआ यह अभियान अब उन सभी प्रमुख शहरों तक फैल चुका है, जहां रंगदारी और गैंग हिंसा गंभीर समस्या बन गई थी।
कैलगरी में 16 भारतीय मूल के लोगों पर केस
Calgary Police Service ने बताया कि रंगदारी से जुड़े मामलों में 16 भारतीय मूल के लोगों पर 56 आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक Jeff Bell ने कहा कि जांच अभी जारी है और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने तक कार्रवाई जारी रहेगी। Surrey Police Service ने 11 जून को एक घर पर हुई फायरिंग के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें से दो आरोपियों की पहचान अरमान सिंह (Arman Singh, 21), सिमजीत सिंह (Simarjeet Singh, 22) के रूप में हुई है। दोनों पर लापरवाही से गोली चलाने (Reckless Discharge of a Firearm) का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों विदेशी नागरिक हैं और इस मामले में CBSA को भी शामिल किया गया है। गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोगों को फिलहाल आपराधिक आरोप नहीं लगाए गए हैं, लेकिन वे CBSA की हिरासत में है। CBSA ने यह नहीं कहा है कि निष्कासित किए गए सभी 81 लोग भारतीय हैं। एजेंसी ने केवल कुल आंकड़े जारी किए हैं। सार्वजनिक रूप से जिन मामलों की पहचान सामने आई है, उनमें लगभग दो दर्जन भारतीय नागरिक शामिल हैं।