केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का राहुल गांधी पर पलटवार, बोले- PM मोदी की लोकप्रियता कुछ लोगों को पच नहीं रही

Edited By Yaspal,Updated: 01 Jun, 2023 05:12 PM

union minister anurag thakur hit back at rahul gandhi

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता हजम नहीं कर पा रही है

नेशनल डेस्कः केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता हजम नहीं कर पा रही है। उन्होंने साथ ही आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने विदेश दौरे में न केवल प्रधानमंत्री बल्कि पूरे देश का अपमान कर रहे हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ठाकुर ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भारत विश्व की आशा और विकास का प्रतीक है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने मोदी को ‘बॉस' कहा है। वहीं इतालवी प्रधानमंत्री ने मोदी को दुनिया के सबसे प्रिय नेता करार दिया है। दुनिया के अन्य नेता भी मोदी के नेतृत्व का सम्मान करते हैं। कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही है तथा पहले ब्रिटेन में और अब अमेरिका में प्रायोजित कार्यक्रम में (वह) यह व्यक्त कर रही है।'' राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना का संदर्भ देते हुए ठाकुर ने कहा, ‘‘भारत विरोधी नारे लगाए जाते हैं और राहुल गांधी ऐसे कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि होते हैं।''

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की थी और उन्हें ‘दुनिया का सबसे प्रिय नेता' करार दिया था। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने हाल में नरेंद्र मोदी का उल्लेख ‘द बॉस' के तौर पर किया था और कहा था कि उनके भारतीय समकक्ष का स्वागत ऑस्ट्रेलिया में जिस तरह से हुआ है वैसा स्वागत तो अमेरिकी रॉक स्टार ब्रूस स्प्रींगस्टीन का भी तब नहीं हुआ था जब वह वर्ष 2017 में सिडनी के उसी स्थान पर आए थे जहां पर मोदी का स्वागत हजारों भारतीयों ने किया।

राहुल गांधी ने बुधवार को मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि भारत में कुछ लोग हैं जो मानते हैं कि वे ईश्वर से भी अधिक जानते हैं और ‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका एक उदाहरण हैं।'' अमेरिकी के कैलिफोर्निया के सांता क्लारा में ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यूएसए' द्वारा आयोजित ‘मोहब्बत की दुकान' कार्यक्रम में गांधी ने कहा कि ये लोग ‘‘पूरी तरह से इस बात को लेकर आश्वस्त'' हैं कि वे सब कुछ जानते हैं। ये लोग इतिहासकारों को इतिहास, वैज्ञानिकों को विज्ञान और सेना को युद्ध कैसे लड़ना है, यह बता सकते हैं। मुद्दे की बात यह है कि वे सुनने को तैयार नहीं हैं।'' राहुल गांधी के बयान पर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। ठाकुर ने दावा किया कि गांधी विदेशी धरती पर भारत का अपमान करने के लिए ‘‘भारत विरोधी प्रोपगेंडा' के तहत ‘प्रायोजित कार्यक्रम' में जाते हैं।

Related Story

Trending Topics

India

Australia

Match will be start at 24 Sep,2023 01:30 PM

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!