Gold Silver Price: Venezuela Crisis से सोने-चांदी के दामों में जबरदस्त बढ़ोतरी, एक्सपर्ट्स ने बताया इतने हो जाएंगे रेट

Edited By Updated: 05 Jan, 2026 06:40 PM

venezuela crisis causes a sharp increase in gold and silver prices

अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई के बाद बढ़े भू-राजनीतिक तनाव से सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल आया। MCX पर सोना 2,400 रुपये से अधिक और चांदी 13,500 रुपये से ज्यादा मजबूत हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कीमती धातुओं में...

नेशनल डेस्कः अमेरिका द्वारा शनिवार को वेनेजुएला पर किए गए सैन्य हमले और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो तथा उनकी पत्नी को हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद वैश्विक बाजारों में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। इस घटनाक्रम का सीधा असर कीमती धातुओं पर देखने को मिला है। सोमवार, 5 जनवरी को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। भू-राजनीतिक तनाव के माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर रुख करते हैं, जिससे सोना और चांदी की मांग बढ़ जाती है। इसी कारण भारत के वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमतों में 2,400 रुपये से अधिक और चांदी के दाम में 13,500 रुपये से ज्यादा का उछाल देखा गया।

MCX पर सोने की कीमतों में तेज उछाल

एमसीएक्स पर सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर सोना 1,142 रुपये की तेजी के साथ 1,36,903 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने की कीमतों में कुल 2,439 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई और भाव 1,38,200 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। सोने की शुरुआत आज 1,36,300 रुपये पर हुई थी, जबकि शुक्रवार को यह 1,35,761 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। फिलहाल सोना अपने लाइफटाइम हाई 1,40,465 रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे कारोबार कर रहा है।

चांदी के दामों में भी भारी तेजी

चांदी की कीमतों में भी जोरदार उछाल देखने को मिला। सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर चांदी 6,178 रुपये की तेजी के साथ 2,42,494 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
बाजार खुलते ही कुछ ही सेकंड में चांदी 13,584 रुपये की छलांग लगाकर 2,49,900 रुपये प्रति किलोग्राम के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गई। यह स्तर इसके लाइफटाइम हाई 2,54,174 रुपये प्रति किलोग्राम से कुछ नीचे है। आज चांदी 2,44,000 रुपये पर खुली थी, जबकि शुक्रवार को इसका बंद भाव 2,36,316 रुपये प्रति किलोग्राम था।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी तेजी

विदेशी बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में मजबूती देखने को मिली। कॉमेक्स पर गोल्ड फ्यूचर 82.40 डॉलर की बढ़त के साथ 4,412 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया। वहीं गोल्ड स्पॉट 68 डॉलर की तेजी के साथ 4,400.17 डॉलर प्रति औंस पर रहा। चांदी की बात करें तो कॉमेक्स पर सिल्वर फ्यूचर करीब 6 फीसदी की तेजी के साथ 75.08 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि सिल्वर स्पॉट 3.44 फीसदी की बढ़त के साथ 75.32 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

आगे और बढ़ सकते हैं दाम

बाजार जानकारों का मानना है कि वेनेजुएला संकट सोने और चांदी की कीमतों के लिए एक नया ट्रिगर साबित हो सकता है। आने वाले दिनों में सोना 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.75 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर सकती है। फिलहाल दोनों धातुएं अपने लाइफटाइम हाई से नीचे कारोबार कर रही हैं, लेकिन अगले कुछ घंटों या मंगलवार को नए रिकॉर्ड बनने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

कीमतों में तेजी के अन्य कारण

वेनेजुएला संकट के अलावा रूस-यूक्रेन शांति वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में संभावित कटौती की उम्मीदें और खुदरा निवेशकों की बढ़ती मांग भी सोने और चांदी की कीमतों को समर्थन दे रही हैं। निवेशकों की नजर इस सप्ताह जारी होने वाले प्रमुख अमेरिकी मैक्रो इकोनॉमिक आंकड़ों पर भी बनी हुई है, जिनमें आईएसएम मैन्युफैक्चरिंग डेटा, एडीपी रोजगार आंकड़े, जोल्ट्स जॉब ओपनिंग्स और नॉन-फार्म पेरोल रिपोर्ट शामिल हैं। इन आंकड़ों से अमेरिकी ब्याज दरों की आगे की दिशा को लेकर संकेत मिल सकते हैं।


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!