Edited By Shubham Anand,Updated: 21 Oct, 2025 11:18 PM

दिल्ली में दिवाली की रात हवा जहरीली हो गई। CPCB के अनुसार, 24 घंटे का औसत AQI 345-351 दर्ज किया गया, जबकि PM2.5 675 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंचा। करोल बाग में ध्वनि प्रदूषण 93.5 डेसिबल(A) तक गया। GRAP स्टेज-II लागू किया गया है। पराली जलाना,...
नेशनल डेस्क : दिल्ली में दिवाली की रात एक बार फिर हवा जहरीली हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 345 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। मंगलवार दोपहर तक AQI 351 रहा, जबकि PM2.5 का स्तर रात में 675 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया। ध्वनि प्रदूषण भी सीमा से अधिक रहा, खासकर करोल बाग में।
AQI और PM2.5 में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल का AQI पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहा। 2024 में 330, 2023 में 218, 2022 में 312 और 2021 में 382 की तुलना में 2025 का AQI 344-359 के बीच रहा। PM2.5 का स्तर 675 तक पहुंचा, जो 2024 (609), 2023 (570), 2022 (534) और 2021 (728) से अधिक है। दोपहर 4 बजे 91 माइक्रोग्राम से शुरू होकर यह रात 12 बजे तक 675 तक पहुंच गया। विशेषज्ञों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन से हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषक फैल नहीं पाए।
ध्वनि प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के अनुसार, शहर के 26 में से 23 नॉइज मॉनिटरिंग स्टेशनों पर ध्वनि स्तर अनुमत सीमा से अधिक दर्ज हुआ। करोल बाग में रात 11 बजे 93.5 डेसिबल(A) शोर दर्ज किया गया, जबकि सीमा 55 डेसिबल(A) है। साइलेंस जोन जैसे श्री औरोबिंदो मार्ग पर भी शोर 65 डेसिबल(A) तक पहुंचा।
GRAP स्टेज-II लागू, सुधार की उम्मीद
कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने रविवार को GRAP स्टेज-II लागू कर दिया था। परिवहन (14.6%), नोएडा (8.3%), गाजियाबाद (6%), गुरुग्राम (3.6%) और पराली जलाने (1%) से प्रदूषण बढ़ा। पूर्व CPCB अधिकारी दीपांकर साहा ने बताया कि हवा की गति बढ़ने से अगले कुछ दिनों में AQI में सुधार हो सकता है।
डेटा पर सवाल, पर्यावरण मंत्री का जवाब
कुछ पर्यावरण विशेषज्ञों ने दावा किया कि प्रदूषण के चरम घंटों का डेटा गायब रहा, लेकिन पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने कहा कि सारा डेटा सुरक्षित है और CPCB की वेबसाइट व ऐप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
AAP-BJP में सियासी जंग
दिल्ली में प्रदूषण को लेकर AAP और BJP में तीखी बहस छिड़ी है। मंजींदर सिंह सिरसा ने AAP और अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वे पंजाब में पराली जलाने को बढ़ावा दे रहे हैं। जवाब में AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सिरसा को "अनपढ़" करार देते हुए कहा कि पंजाब का AQI केवल 156 है, जो दिल्ली के प्रदूषण का कारण नहीं हो सकता।