Edited By Niyati Bhandari,Updated: 30 May, 2026 01:54 PM

दुनिया भर में युवा पीढ़ी की सोशल लाइफ तेजी से बदल रही है। अब बार, पब और नाइट क्लबों की जगह प्रीमियम जिम, रन क्लब और वैलनैस सैंटर नए सोशल हब बनते जा रहे हैं।
लंदन/न्यूयॉर्क (इंट): दुनिया भर में युवा पीढ़ी की सोशल लाइफ तेजी से बदल रही है। अब बार, पब और नाइट क्लबों की जगह प्रीमियम जिम, रन क्लब और वैलनैस सैंटर नए सोशल हब बनते जा रहे हैं। युवा फिटनैस के साथ दोस्ती, नैटवर्किंग और रिश्तों की तलाश भी इन जगहों पर कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार ब्रिटेन और अमरीका में जेन-जी और मिलेनियल वर्ग अब नाइटलाइफ की बजाय फिटनैस और वैलनैस गतिविधियों पर अधिक खर्च कर रहा है। शराब की खपत में गिरावट के बीच जिम सदस्यता और फिटनैस क्लासेज का चलन तेजी से बढ़ा है।
जिम अब सिर्फ एक्सरसाइज की जगह नहीं
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रीमियम जिम और बुटीक फिटनैस स्टूडियो अब सामाजिक मेलजोल के केंद्र बनते जा रहे हैं। यहां लोग सिर्फ वर्कआऊट नहीं करते बल्कि नए दोस्त बनाते हैं और समय बिताते हैं।

युवा पेशेवरों के बीच रन क्लब, योगा ग्रुप और ग्रुप फिटनैस क्लासेज खासे लोकप्रिय हो रही हैं। कई लोग इन्हें डेटिंग और नैटवर्किंग के नए प्लेटफॉर्म के रूप में भी देख रहे हैं।

फिटनैस पर हजारों रुपए खर्च
रिपोर्ट के मुताबिक अमरीका और यूरोप के बड़े शहरों में युवा हर महीने फिटनैस पर बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं।

कुछ प्रीमियम जिम की सदस्यता लाखों रुपए सालाना तक पहुंच रही है। बुटीक फिटनैस स्टूडियो की एक-एक क्लास का शुल्क हजारों रुपए तक होता है, फिर भी युवाओं में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।

सोशल मीडिया का भी बड़ा असर
इंस्टाग्राम और टिकटॉक जैसे प्लेफॉर्म पर फिटनैस और वैलनैस कंटैंट तेजी से लोकप्रिय हुआ है। युवा फिटनैस को केवल स्वास्थ्य नहीं बल्कि लाइफस्टाइल और पहचान से जोड़कर देख रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कोविड महामारी के बाद लोगों में व्यक्तिगत स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को लेकर जागरूकता बढ़ी है, जिसका असर फिटनैस उद्योग पर साफ दिख रहा है।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ी
रिपोर्ट में कहा गया है कि महिलाओं की भागीदारी भी तेजी से बढ़ रही है। समूह आधारित फिटनैस गतिविधियों में बड़ी संख्या में युवा महिलाएं हिस्सा ले रही हैं। फिटनैस क्लब अब बर्थडे पार्टी, सोशल इवैंट और निजी समारोहों के आयोजन के लिए भी इस्तेमाल होने लगे हैं।
