Edited By Niyati Bhandari,Updated: 05 Sep, 2026 11:55 AM

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर हाईटेक मटकी फोड़ लीग (MPL) सीजन-2 में Gen Z का अलग ही जलवा देखने को मिला। खेल की मस्ती और मन में कन्हैया की भक्ति लिए युवा गोविंदाओं की ऊर्जा और तेजी देखते ही बनी। इंडोर स्टेडियम में इस प्रतियोगिता का आनंद...
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर हाईटेक मटकी फोड़ लीग (MPL) सीजन-2 में Gen Z का अलग ही जलवा देखने को मिला। खेल की मस्ती और मन में कन्हैया की भक्ति लिए युवा गोविंदाओं की ऊर्जा और तेजी देखते ही बनी। इंडोर स्टेडियम में इस प्रतियोगिता का आनंद लेने के लिए भी Gen Z बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान उनका उत्साह अलग लेवल पर दिखा।
लीग का आयोजन यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सूरजमल विहार में किया गया। दोपहर में शुरू हुई मटकी फोड़ने की प्रतियोगिता रात होते-होते धमाल में बदल गई। हाई-फाई साउंड सिस्टम, लाइट्स और संगीत के बीच गोविंदाओं ने एकजुटता का गजब प्रदर्शन किया। एक के ऊपर एक चढ़कर पिरामिड बनाकर अनुशासन-संतुलन का प्रदर्शन करते हुए गोविंदाओं ने कम से कम समय में मटकी फोड़ने का कौशल दिखाया।
देशभर से आई 24 टीमों में सबको पछाड़ते हुए फाइनल में तमिल टाइटन्स ने जीत हासिल की वहीं लड़कियों की टीमों में कोलकाता क्रशर विजयी हुई। इन टीमों ने 20-22 सैकेंड में मटकी फोड़ी। जहां पर उत्तर प्रदेश की टीम ने बाजी मार ली और लीग की विजेता बनी। प्रतियोगिता के दौरान लोग गोविंदा की टीम का हौसला बढ़ाते रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, भाजपा नेता सत्यनारायण जटिया, आरएसएस के इंद्रेश कुमार, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा आदि नेता और समाज के प्रतिष्ठित लोग पहुंचे। मटकी फोड़ लीग के फाउंडर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जय भगवान गोयल ने बताया कि पिछले 23 वर्षों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और मटकी फोड़ की सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों को अब एक पेशेवर खेल मंच का स्वरूप दिया गया है। इस बार 16 लड़कों और 8 लड़कियों की टीमों ने हिस्सा लिया। टीमों ने 68 मुकाबलों में साहस, संतुलन, टीमवर्क, रणनीति और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन में मनदीप गोयल, दिनेश गोयल, अनिल मित्तल, राजेश गुप्ता, नवरत्न, प्रदीप अग्रवाल, ललित अग्रवाल आदि की सक्रिय उपस्थिति रही।
विधि-विधान से मनाया श्रीकृष्ण भगवान का जन्म
प्रतियोगिता स्थल पर रखे श्रीकृष्ण भगवान के चित्र पर अतिथियों ने पुष्प अर्पित किए। देर रात तक चली प्रतियोगिता में श्रीकृष्ण का जन्म विधि-विधान से मनाया गया। युवाओं ने मस्ती के साथ श्रद्धा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित लोग जय श्रीकृष्ण-जय श्रीकृष्ण का जयघोष करते रहे और भक्ति संगीत चलता रहा। गायक अशोक मस्ती, शंकर साहनी, शिबानी कश्यप और दिलबाग सिंह ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधा। ब्रज रत्न वंदना श्री ने विशेष प्रस्तुति से श्रीकृष्ण भक्ति और ब्रज संस्कृति को जीवंत किया।