Edited By Manisha,Updated: 18 Jun, 2026 01:40 PM

भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर Rajkumar Hirani ने अपनी सुपरहिट फिल्म PK में एलियन को मुख्य किरदार बनाने के पीछे की खास वजह का खुलासा किया है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर Rajkumar Hirani ने अपनी सुपरहिट फिल्म PK में एलियन को मुख्य किरदार बनाने के पीछे की खास वजह का खुलासा किया है। हिरानी ने बताया कि उनका उद्देश्य साइंस-फिक्शन शैली को दिखाना नहीं था, बल्कि एक ऐसे मासूम किरदार के जरिए धर्म और भगवान से जुड़े सवालों को सामने लाना था, जिसका इस विषय पर कोई पूर्वाग्रह न हो।
स्पीलबर्ग से अलग था हिरानी का नजरिया
एक इंटरव्यू में हिरानी ने कहा कि फिल्मों में एलियंस के इस्तेमाल को लेकर उनका दृष्टिकोण मशहूर हॉलीवुड निर्देशक Steven Spielberg से पूरी तरह अलग है। उन्होंने कहा कि जहां स्पीलबर्ग अक्सर साइंस-फिक्शन के भव्य संसार को दिखाने के लिए एलियन किरदारों का इस्तेमाल करते हैं, वहीं 'पीके' में एलियन का चयन कहानी की जरूरत और उसके दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर किया गया था।
मासूमियत के जरिए धर्म पर सवाल उठाने की कोशिश
राजकुमार हिरानी ने बताया कि अगर कोई एलियन पृथ्वी पर आता है, तो उसे भगवान और धर्म को लेकर इंसानों की धारणाओं के बारे में कुछ भी पता नहीं होगा। यही मासूमियत फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनी। उनके अनुसार, यदि यही कहानी किसी तर्कवादी व्यक्ति के नजरिए से दिखाई जाती, तो उसके अपने पूर्वनिर्धारित विचार होते, लेकिन एक एलियन बिना किसी पूर्वाग्रह के सवाल पूछ सकता है और चीजों को नए नजरिए से देख सकता है।
OTT की दुनिया में रख रहे हैं कदम
Munna Bhai M.B.B.S., Lage Raho Munna Bhai, 3 Idiots, PK और Sanju जैसी सफल फिल्मों के बाद राजकुमार हिरानी अब OTT प्लेटफॉर्म की दुनिया में भी कदम रख रहे हैं। वह निर्देशक Avinash Arun की आगामी वेब सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' को अपने बैनर के तहत समर्थन दे रहे हैं। इस प्रोजेक्ट के साथ उनके प्रोडक्शन हाउस के लिए थिएटर से आगे बढ़कर डिजिटल कंटेंट की दिशा में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है।