Edited By Tanuja,Updated: 28 Feb, 2026 11:30 AM

बोलीविया की राजधानी ला पाज़ के पास एल आल्टो में वायुसेना का C-130 सैन्य कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में केंद्रीय बैंक की नई करेंसी लदी थी। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई, कई वाहन नष्ट हुए और नोट सड़कों पर बिखर गए।
International Desk: दक्षिण अमेरिकी देश Bolivia में शुक्रवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। राजधानी La Paz के पास स्थित El Alto में वायुसेना का C-130 हर्क्यूलिस सैन्य कार्गो विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय मीडिया फुटेज के मुताबिक, Bolivian Air Force का C-130 विमान रनवे से फिसलकर सड़क की ओर मुड़ गया और एक मैदान में जाकर रुका। इस दौरान कम से कम 15 वाहन उसकी चपेट में आ गए। सड़क पर मलबा, जली हुई गाड़ियां और शव बिखरे दिखाई दिए। दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन मृतकों में विमान सवार थे या सड़क पर मौजूद लोग—यह स्पष्ट नहीं किया गया।
सड़क पर बिखरे बैंक नोट
विमान में Central Bank of Bolivia की ओर से अन्य शहरों में भेजी जा रही नई करेंसी लदी थी। दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में बैंक नोट सड़क पर बिखर गए।स्थानीय मीडिया के वीडियो में लोग नोट बटोरने के लिए मौके पर दौड़ते दिखे। भीड़ को हटाने के लिए दंगा-रोधी पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। NAABOL (Bolivian Air Navigation and Airports Authority) के अनुसार, विमान पूर्वी शहर Santa Cruz से उड़ा था और ला पाज़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
एयरपोर्ट संचालन निलंबित
हादसे के बाद एयरपोर्ट संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया। वायुसेना के जनरल सर्जियो लोरा ने बताया कि छह क्रू सदस्यों में से दो देर रात तक लापता थे। दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब बोलीविया आर्थिक चुनौतियों और मुद्रा दबाव से जूझ रहा है। बड़ी मात्रा में नकदी के परिवहन के दौरान हुई इस दुर्घटना ने सुरक्षा प्रोटोकॉल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार और रक्षा मंत्रालय ने विस्तृत जांच का आश्वासन दिया है।