जॉर्डन ने गिरजाघर पर हुए हमले का दिया जवाब, सीरिया में सशस्त्र समहों पर किए हवाई हमले

Edited By Updated: 27 Oct, 2026 03:26 PM

jordan responds to attack on church carries out airstrikes against armed groups

जॉर्डन की वायुसेना ने कराक शहर स्थित एक 'ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च' पर शुक्रवार को हुए हमले के जवाब में सीरिया में सशस्त्र समूहों पर सोमवार शाम हवाई हमले किए। जॉर्डन की वायुसेना ने एक बयान में यह जानकारी दी।

अम्मान : जॉर्डन की वायुसेना ने कराक शहर स्थित एक 'ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च' पर शुक्रवार को हुए हमले के जवाब में सीरिया में सशस्त्र समूहों पर सोमवार शाम हवाई हमले किए। जॉर्डन की वायुसेना ने एक बयान में यह जानकारी दी। गिरजाघर पर हुए हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई थी। जॉर्डन की वायुसेना ने कहा कि इस कार्रवाई में 'इन आतंकवादी समूहों के कई सदस्य मारे गए एवं घायल हुए और उनके कई वाहन नष्ट हो गए।' हालांकि, इसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया कि ये कौन से समूह थे या हमले किस स्थान पर किए गए। इस सैन्य कार्रवाई से सीरिया में भारी आक्रोश उत्पन्न हो गया है। 

सीरिया के अधिकारियों का कहना है कि जॉर्डन की इस कार्रवाई में कई आम नागरिकों की मौत हुई है और इसे देश के प्राधिकारियों को सूचित किए बिना अंजाम दिया गया। सीरिया की नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने कहा कि उसने दक्षिणी दरा और सुवैदा प्रांतों में हुए हमलों में मारे गए सात लोगों के शव बरामद किए हैं। उसने कहा कि दरा प्रांत के ग्रामीण इलाके में एक तंबू पर हुए हमले में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे और एक महिला शामिल हैं, जबकि परिवार के तीन अन्य लोग घायल हो गए। 

एजेंसी के अनुसार, दो अलग-अलग हमलों में 80 वर्षीय और 60 वर्षीय दो बुजुर्गों की भी जान चली गई। सीरिया की सरकार ने कहा कि जॉर्डन की यह कार्रवाई 'बिना किसी पूर्व समन्वय या सूचना के' की गई। उसने कहा कि सीरियाई प्राधिकारी घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं और स्थिति पर चर्चा के लिए जॉर्डन के साथ बातचीत के रास्ते खुले हैं। बाद में सीरिया के बंदरगाह एवं सीमा शुल्क सामान्य प्राधिकरण ने जॉर्डन के साथ सीरिया की मुख्य सीमा चौकी को बंद करने की घोषणा की। 

इससे पहले, जॉर्डन के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह हुए हमले के सिलसिले में सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी तड़के हुई मुठभेड़ के बाद हुई और तीनों आरोपी घायल हो गए। जॉर्डन की राजधानी अम्मान से लगभग 90 किलोमीटर दक्षिण में स्थित कराक शहर में एक अंतिम संस्कार के दौरान शुक्रवार को 'ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च' पर हमला हुआ। कराक में अल्पसंख्यक ईसाई आबादी रहती है। 

हालांकि, किसी भी समूह ने तुरंत इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली। सोमवार को बाद में, जन सुरक्षा निदेशालय ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी की पहचान सगे भाइयों हजाह जैदान मोहम्मद और मिशाल जैदान मोहम्मद तथा उनके रिश्तेदार अहमद सामी हुसैन के रूप में की। तीनों जॉर्डन के ही नागरिक हैं। उन्हें अम्मान के दक्षिण में स्थित कराक से हिरासत में लिया गया। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!