शादी की दावत के लिए अनाथ लड़की ने मांगी सिर्फ 2 मुर्गियां; मासूम-सी ख्वाहिश का हुआ ऐसा अंजाम, रो पड़ा पूरा देश (Video)

Edited By Updated: 14 Oct, 2026 07:02 PM

viral shahrazad wedding in algeria refers to the heart warming story

अल्जीरिया की अनाथ लड़की शहरजाद ने शादी की दावत के लिए पड़ोसी से सिर्फ दो मुर्गियां मांगी थीं। उसका वीडियो वायरल होने के बाद ऐन डेफला में उसकी शादी में हजारों लोग पहुंचे। लोगों ने उसे महंगे तोहफे और सोने के गहनों के दो सेट दिए। यह कहानी सामाजिक...

 Algiers: किसी ने शादी में लाखों के तोहफे मांगे, तो किसी ने बड़े आयोजन के सपने देखे, लेकिन एक अनाथ लड़की की ख्वाहिश ने पूरे देश को रुला दिया। उत्तरी अफ्रीकी देश अल्जीरिया में एक अनाथ लड़की की शादी ने इंसानियत और सामाजिक एकजुटता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है। शहरजाद नाम की इस लड़की ने अपनी शादी से दो दिन पहले एक टीवी कार्यक्रम के दौरान ऐसी इच्छा जताई, जिसने लोगों का दिल छू लिया। उसे अंदाजा भी नहीं था कि उसकी छोटी-सी ख्वाहिश पूरे देश को उसके साथ खड़ा कर देगी।  शहरजाद से जब एक टीवी प्रस्तोता ने उसकी शादी से दो दिन पहले पूछा कि वह क्या चाहती है, तो उसने बताया कि उसकी इच्छा है कि कोई पड़ोसी उसे दो मुर्गियां दे दे। वह अपनी शादी की दावत में आने वाले मेहमानों को खाना परोसना चाहती थी।

 

उसकी यह बात लोगों को भावुक कर गई। एक ऐसी लड़की, जिसके पास शादी की दावत के लिए जरूरी इंतजाम करने के सीमित साधन थे, वह अपने लिए बड़ी संपत्ति नहीं, बल्कि मेहमानों को खाना खिलाने का इंतजाम चाहती थी।  शहरजाद की यह अपील सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई। इसके बाद अल्जीरिया के अलग-अलग हिस्सों से लोग उसकी मदद के लिए आगे आने लगे। देखते ही देखते उसकी शादी केवल एक परिवार का निजी समारोह नहीं रही, बल्कि हजारों लोगों के लिए खुशियां बांटने का अवसर बन गई। शहरजाद की शादी ऐन डेफला में हुई, जहां देश के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने उसे शादी के तोहफे दिए और समारोह को खास बनाने में योगदान दिया। शहरजाद की शादी में लोगों ने केवल आर्थिक मदद ही नहीं की, बल्कि उसे ऐसे तोहफे भी दिए, जिनकी उसने शायद कल्पना भी नहीं की होगी।

 

 

खबर के मुताबिक, एक आभूषण कारोबारी ने उसे सोने के गहनों के दो सेट उपहार में दिए। अन्य लोगों ने भी महंगे तोहफे भेंट किए। शादी में मिले उपहारों की संख्या इतनी अधिक बताई गई कि उन्हें रखने के लिए जगह कम पड़ने लगी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोगों की भीड़, तालियां और जश्न इस आयोजन को यादगार बनाते दिखाई देते हैं। शहरजाद की शादी में शामिल कुछ लोगों ने कहा कि मदद केवल उन्हीं लोगों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, जो सोशल मीडिया पर दिखाई देते हैं। समाज में ऐसे भी कई लोग हैं, जिन्हें मदद की जरूरत होती है, लेकिन उनकी परेशानियां दुनिया के सामने नहीं आ पातीं।

 

उन्होंने यह संदेश भी दिया कि अगर कोई व्यक्ति शादी करना चाहता है, लेकिन उसके पास जरूरी साधन नहीं हैं, तो समाज को उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए।  शहरजाद की कहानी इसलिए खास बन गई, क्योंकि उसकी इच्छा बेहद छोटी थी, लेकिन उसके पीछे मेहमानों को सम्मान से खाना खिलाने और अपनी शादी की खुशियां बांटने की भावना थी। उसकी अपील ने लोगों को इस तरह जोड़ा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग उसकी शादी में पहुंच गए। सोशल मीडिया पर कई लोग इस शादी को अल्जीरिया की सबसे चर्चित और भीड़भाड़ वाली शादियों में से एक बता रहे हैं।  
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!