Edited By Pardeep,Updated: 04 Feb, 2026 02:34 AM

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से ठगी और लूट का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां तांत्रिक विद्या के नाम पर पैसे दोगुना करने का झांसा दिया गया, लेकिन जब ठगी का पर्दाफाश हुआ तो मामला लूट तक पहुंच गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जो शख्स...
नेशनल डेस्कः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से ठगी और लूट का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां तांत्रिक विद्या के नाम पर पैसे दोगुना करने का झांसा दिया गया, लेकिन जब ठगी का पर्दाफाश हुआ तो मामला लूट तक पहुंच गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जो शख्स लूट का शिकार बना, वही पहले लोगों से ठगी कर चुका था। यानी ठग भी लूटा गया और ठगे गए लोग बाद में आरोपी बन गए।
वायरल वीडियो की असली सच्चाई
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक तांत्रिक मंत्र पढ़ते हुए हाथ हिलाता दिखाई देता है और सामने रखे नोट हवा में उड़ते नजर आते हैं, जैसे पैसे खुद बढ़ रहे हों। यह वीडियो देखकर कई लोग हैरान हो गए थे। लेकिन पुलिस जांच में साफ हो गया कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी था। इसे सिर्फ लोगों को लालच देकर फंसाने और ठगी करने के लिए तैयार किया गया था। इसका तंत्र-मंत्र से कोई लेना-देना नहीं था।
पैसे दोगुना करने का लालच
पुलिस के मुताबिक, कोरबा जिले के तिवरता गांव के रहने वाले विजय कुमार राज ने खुद को तांत्रिक बताया। उसने चार युवकों को भरोसा दिलाया कि वह तंत्र-मंत्र से उनके पैसों को दोगुना, तिगुना कर सकता है। इस झांसे में आकर चारों युवकों ने उसे करीब 2.5 लाख रुपये दे दिए. उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही उनका पैसा बढ़कर वापस मिलेगा।
ठगी खुली तो बिगड़ा मामला
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब पैसा नहीं बढ़ा, तो युवकों को समझ आया कि उनके साथ ठगी हुई है। उन्होंने विजय से अपने दिए हुए पैसे वापस मांगे। आरोप है कि विजय ने रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया और मामला हिंसक मोड़ पर पहुंच गया।
ठगी से लूट तक पहुंची बात
गुस्साए चारों युवकों ने रतनपुर थाना क्षेत्र के एनएच-130 पर विजय की कार को रोक लिया। उस समय कार में विजय के साथ तीन महिलाएं भी मौजूद थीं। आरोप है कि युवकों ने विजय के साथ मारपीट की और लूटपाट की। उन्होंने महिलाओं के पर्स छीन लिए, मोबाइल फोन लूट लिए और विजय की कार भी लेकर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी कर दी. कुछ ही समय बाद लूटी गई कार को मनेंद्रगढ़ से बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया।
असली सच: लुटा भी ठग, ठगा भी लुटेरा
जांच में पता चला कि यह कोई साधारण लूट नहीं थी। दरअसल विजय कुमार राज पहले तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी कर चुका था। चारों युवकों ने अपना पैसा वापस लेने के लिए लूट की घटना को अंजाम दिया। यानी जिसे लूटा गया, वह खुद पहले ठग था, और जिन्हें आरोपी बनाया गया, वे पहले ठगी का शिकार हुए थे।
दो अलग-अलग FIR दर्ज
इस मामले में पुलिस ने अब दो केस दर्ज किए हैं:
-
बिल्हा थाने में – विजय कुमार राज के खिलाफ ठगी का मामला।
-
रतनपुर थाने में – चार युवकों के खिलाफ लूट का मामला।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं।