Edited By Anu Malhotra,Updated: 17 Mar, 2026 08:14 AM

तपती गर्मियों में एयर कंडीशनर (AC) राहत तो देता है, लेकिन महीने के आखिर में जब बिजली का बिल आता है, तो अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। अक्सर लोग सोचते हैं कि ठंडक चाहिए तो भारी-भरकम बिल देना ही होगा, पर यह पूरी तरह सच नहीं है। हकीकत तो यह है कि...
AC Tips Saving Electricity: तपती गर्मियों में एयर कंडीशनर (AC) राहत तो देता है, लेकिन महीने के आखिर में जब बिजली का बिल आता है, तो अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। अक्सर लोग सोचते हैं कि ठंडक चाहिए तो भारी-भरकम बिल देना ही होगा, पर यह पूरी तरह सच नहीं है। हकीकत तो यह है कि आपकी एक छोटी सी आदत और रिमोट का सही बटन आपके बिजली बिल को आधा कर सकता है। अगर आप स्मार्ट तरीके से AC का इस्तेमाल करें, तो आप बिना अपनी जेब ढीली किए बर्फीली ठंडक का मजा ले सकते हैं।
24 डिग्री: आपकी बचत का 'स्वीट स्पॉट'
ज्यादातर लोग कमरा जल्दी ठंडा करने के चक्कर में AC को सीधे 18 या 16 डिग्री पर सेट कर देते हैं। यह सबसे बड़ी गलती है। विशेषज्ञों का मानना है कि 24 डिग्री सेल्सियस सबसे आदर्श तापमान है। इस नंबर पर AC चलाने से न तो मशीन के कंप्रेसर पर ज्यादा बोझ पड़ता है और न ही आपके शरीर को बहुत ज्यादा खुश्की महसूस होती है। जब आप तापमान को बहुत नीचे रखते हैं, तो कंप्रेसर को लगातार पूरी ताकत से काम करना पड़ता है, जिससे मीटर की रफ्तार दोगुनी हो जाती है। इसके उलट, 24 डिग्री पर बिजली की खपत और कूलिंग के बीच एक बेहतरीन संतुलन बना रहता है।
हर डिग्री की अपनी कीमत है
क्या आप जानते हैं कि तापमान में सिर्फ एक डिग्री की गिरावट आपके बिल पर भारी पड़ सकती है? रिसर्च के मुताबिक, जैसे ही आप सेटिंग्स को 1 डिग्री नीचे करते हैं, बिजली की खपत करीब 6 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। यानी 18 डिग्री और 24 डिग्री के बीच बिजली के खर्च में जमीन-आसमान का अंतर होता है। सही तापमान न सिर्फ आपकी बचत करता है, बल्कि आपके AC की उम्र भी बढ़ाता है। जब मशीन पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता, तो उसके पार्ट्स लंबे समय तक चलते हैं और बार-बार मैकेनिक बुलाने का झंझट भी खत्म हो जाता है।
छोटी सावधानियां, बड़ा फायदा
बिजली बचाने के लिए सिर्फ टेंपरेचर ही काफी नहीं है, बल्कि कुछ और बातों का ध्यान रखना भी जादू की तरह काम करता है। सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि कमरा पूरी तरह 'एयरटाइट' हो। अगर खिड़की या दरवाजे से हल्की सी भी गर्म हवा अंदर आ रही है, तो AC उसे ठंडा करने के चक्कर में फालतू बिजली फूंकेगा।
इसके अलावा, एक बहुत ही पुराना लेकिन कारगर नुस्खा है— AC के साथ पंखा चलाना। सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन अगर आप AC चलाते समय छत के पंखे को धीमी रफ्तार पर रखते हैं, तो वह ठंडी हवा को कमरे के हर कोने में तेजी से फैला देता है। इससे कमरा जल्दी ठंडा होता है और AC का कंप्रेसर जल्दी कट-ऑफ ले लेता है, जिसका सीधा असर आपके कम होते बिजली बिल पर दिखता है।