Edited By Parveen Kumar,Updated: 12 Feb, 2026 07:33 PM

दुनिया भर में काम के बढ़ते दबाव और खराब कार्यसंस्कृति को लेकर जहां लगातार चर्चा हो रही है, वहीं सिंगापुर की एक कंपनी ने अपने कर्मचारियों के सम्मान में ऐसा कदम उठाया है जिसने सबको चौंका दिया। कंपनी ने अपने लंबे समय से जुड़े कर्मचारियों को लाखों रुपये...
नेशनल डेस्क : दुनिया भर में काम के बढ़ते दबाव और खराब कार्यसंस्कृति को लेकर जहां लगातार चर्चा हो रही है, वहीं सिंगापुर की एक कंपनी ने अपने कर्मचारियों के सम्मान में ऐसा कदम उठाया है जिसने सबको चौंका दिया। कंपनी ने अपने लंबे समय से जुड़े कर्मचारियों को लाखों रुपये मूल्य के शुद्ध सोने के स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया है।
छोटे स्टॉल से 160 रेस्तरां तक का सफर
चांग चेंग होल्डिंग्स नाम की यह कंपनी 1994 में एक छोटे से चीनी सब्जी-चावल स्टॉल के रूप में शुरू हुई थी। तीन दशक के भीतर यह समूह 160 से अधिक रेस्तरां और 30 से ज्यादा कॉफी शॉप्स तक फैल चुका है। आज कंपनी में 1,200 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से कई शुरुआत से ही इसके साथ जुड़े रहे हैं।
32वीं वर्षगांठ पर खास सम्मान समारोह
कंपनी ने अपनी 32वीं सालगिरह के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर उन कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने कंपनी में 10 वर्ष या उससे अधिक समय तक सेवाएं दी हैं। चाहे कर्मचारी की भूमिका प्रबंधन में हो या किसी अन्य विभाग में, सभी को समान रूप से सम्मान दिया गया।
सम्मान के तौर पर 999 शुद्ध सोने से बने विशेष पदक प्रदान किए गए। इन स्मृति चिन्हों पर कंपनी का मुख्यालय और ब्रांड लोगो उकेरा गया है, साथ ही कर्मचारी के सेवा वर्षों (20, 25 या 30 ग्राम) का उल्लेख भी किया गया है। प्रत्येक पदक को आकर्षक गिफ्ट बॉक्स में पैक कर कर्मचारी के नाम के साथ प्रस्तुत किया गया।
सेवा अवधि के अनुसार अलग-अलग वजन के पदक
जानकारी के अनुसार, 10 से 14 वर्ष तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को 20 ग्राम का स्वर्ण पदक दिया गया। 15 से 19 वर्ष वाले कर्मचारियों को 25 ग्राम, जबकि 20 वर्ष या उससे अधिक सेवा पूरी करने वालों को 30 ग्राम का पदक प्रदान किया गया। स्थानीय ज्वेलरी बाजार के अनुसार 999 शुद्ध सोने की कीमत प्रति ग्राम 271 सिंगापुर डॉलर बताई गई है। अनुमान है कि इन पुरस्कारों पर कंपनी ने कुल मिलाकर 5 लाख सिंगापुर डॉलर से अधिक खर्च किए, जो भारतीय मुद्रा में करीब 3.5 करोड़ रुपये के बराबर है।
कर्मचारियों के प्रति आभार की अनोखी पहल
जहां अक्सर कंपनियों पर कर्मचारियों को पर्याप्त महत्व न देने के आरोप लगते हैं, वहीं इस पहल ने कार्यसंस्कृति को लेकर एक सकारात्मक उदाहरण पेश किया है। चांग चेंग होल्डिंग्स ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि समर्पण और निष्ठा को सिर्फ शब्दों से नहीं, बल्कि सम्मान और विश्वास से भी सराहा जाना चाहिए।