Edited By Pardeep,Updated: 29 Mar, 2023 06:25 AM

वारिस पंजाब दे का मुखिया और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को लेकर बड़ी खबर है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अमृतपाल सिंह पंजाब के होशियारपुर जिले में छिपा बैठा है।
पंजाब डेस्कः वारिस पंजाब दे का मुखिया और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को लेकर बड़ी खबर है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अमृतपाल सिंह पंजाब के होशियारपुर जिले में छिपा बैठा है। सूचना मिलने के बाद पंजाब पुलिस अमृतपाल सिंह की तलाश में जुट गई है। बताया गया है कि होशियारपुर के एक गुरुद्वारे के पास संदिग्ध इनोवा कार मिली है। कार मिलने के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। भागने की आशंका पर साथ लगते मरनिया कलां गांव को सीलकर खेतों और घर-घर में तलाशी ली जा रही है।
एडीजीपी गुरिंदर सिंह ढिल्लों की अगुवाई में होशियारपुर, कपूरथला और जालंधर पुलिस के करीब 500 से ज्यादा जवान सर्च ऑपरेशन में जुटे हैं। कई अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। खबर लिखे जाने तक अमृतपाल सिंह का पता नहीं चल सका है।
दिल्ली में घूमता भी दिखा
अमृतपाल सिंह और पपलप्रीत सिंह का मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया। ताजा फुटेज में पुलिस से बचने के लिए वह बिना पगड़ी के नजर आ रहा है। यह सीसीटीवी फुटेज 21 मार्च का दिल्ली के एक बाजार का बताया जा रहा है। इसमें अमृतपाल काला चश्मा, मास्क और डेनिम जैकेट पहने सड़क पर चलते दिख रहा है। उसके पीछे पपलप्रीत सिंह को बैग के साथ चलते देखा जा सकता है। इस फुटेज पर फिलहाल पंजाब पुलिस का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अमृतपाल 18 मार्च से फरार है।