Edited By Sahil Kumar,Updated: 28 Oct, 2026 05:01 PM

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि वोट का अधिकार छीनने पर उतारू मोदी सरकार अब जीवन जीने का अधिकार भी खत्म करना चाहती है।
नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि वोट का अधिकार छीनने पर उतारू मोदी सरकार अब जीवन जीने का अधिकार भी खत्म करना चाहती है।
खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर बुधवार को लिखा कि त्योहारों के बीच कमरतोड़ महंगाई जनता की कमाई का एक-एक पैसा निगल रही है। उनका कहना था कि आवश्यक वस्तुओं की कीमत आसमान छू रही है जिससे लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
उन्होंने महंगाई से जुड़े आंकड़े देते हुए कहा कि खाद्य महंगाई दर 2.13 प्रतिशत से बढ़कर 7.74 प्रतिशत पहुंच गई है, घरेलू कर्ज 36.7 प्रतिशत बढ़ा है, घरेलू वित्तीय बचत में चार प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि खुदरा महंगाई 5.54 प्रतिशत और थोक महंगाई 11.39 प्रतिशत है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्ता में रहते हुए धरने पर बैठी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बेतुकी भाषणबाजी से समय मिले तो उन्हें 2014 से पहले भाजपा के उस विज्ञापन को फिर देखना चाहिए, जिसमें कहा गया था- 'बहुत हुई महंगाई की मार'। खरगे ने कहा कि मोदी सरकार का वादा अच्छे दिन लाना था लेकिन अच्छे दिन की उम्मीद में जनता ने 12 साल गंवा दिए हैं।