Edited By Anu Malhotra,Updated: 14 Feb, 2026 12:26 PM

शेयर बाजार में अक्सर पेनी स्टॉक्स को जोखिम भरा माना जाता है, लेकिन 'नर्चर वेल इंडस्ट्रीज' (Nurture Well Industries) के शेयर ने इस धारणा को पूरी तरह बदलते हुए ऐतिहासिक रिटर्न दिया है। पिछले छह वर्षों में इस छोटे से शेयर ने जो रफ़्तार पकड़ी है, उसने...
नेशनल डेस्क: शेयर बाजार में अक्सर पेनी स्टॉक्स को जोखिम भरा माना जाता है, लेकिन 'नर्चर वेल इंडस्ट्रीज' (Nurture Well Industries) के शेयर ने इस धारणा को पूरी तरह बदलते हुए ऐतिहासिक रिटर्न दिया है। पिछले छह वर्षों में इस छोटे से शेयर ने जो रफ़्तार पकड़ी है, उसने बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। महज 0.03 रुपये (3 पैसे) की मामूली कीमत से शुरू हुआ यह सफर आज 42.30 रुपये के स्तर तक पहुंच गया है। इस दौरान शेयर ने करीब 1,40,566 फीसदी का अविश्वसनीय मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। सरल शब्दों में समझें तो यदि किसी निवेशक ने छह साल पहले इस कंपनी में केवल 1 लाख रुपये का निवेश किया होता और उसे बरकरार रखा होता, तो आज उस निवेश की वैल्यू बढ़कर लगभग 14.10 करोड़ रुपये हो गई होती।
बोनस और स्टॉक स्प्लिट ने बढ़ाई निवेशकों की संपत्ति
कंपनी की इस जबरदस्त ग्रोथ के पीछे केवल शेयर की बढ़ती कीमतें ही नहीं, बल्कि कंपनी द्वारा लिए गए कॉरपोरेट फैसले भी शामिल हैं। नर्चर वेल इंडस्ट्रीज ने अपने निवेशकों को पुरस्कृत करने के लिए अप्रैल 2024 में 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी किए थे, जिससे निवेशकों की होल्डिंग दोगुनी हो गई। इसके बाद अक्टूबर 2024 में कंपनी ने 1:10 के अनुपात में स्टॉक स्प्लिट (शेयर विभाजन) का फैसला लिया, जिससे शेयरों की संख्या में और इजाफा हुआ और रिटेल निवेशकों के लिए इसमें खरीदारी आसान हो गई। इन फैसलों और बढ़ती कीमतों के दम पर कंपनी का मार्केट कैप अब बढ़कर लगभग 1000 करोड़ रुपये के करीब पहुँच गया है।
शानदार तिमाही नतीजे और मजबूत फंडामेंटल्स
इस शेयर की तेजी के पीछे ठोस वित्तीय प्रदर्शन भी एक बड़ी वजह है। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही (Q3 FY26) के आंकड़े बताते हैं कि कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 95 प्रतिशत की भारी बढ़त के साथ 34.60 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इसी दौरान कंपनी की आय में भी 46 फीसदी का उछाल देखा गया और यह 290 करोड़ रुपये दर्ज की गई। परिचालन लाभ (EBITDA) भी लगभग दोगुना होकर 33.19 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि मार्जिन में 280 आधार अंकों का सुधार हुआ है। ये आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि कंपनी केवल शेयर बाजार के सट्टेबाजी के दम पर नहीं, बल्कि अपने व्यापारिक मुनाफे के कारण मजबूती दिखा रही है।
निवेशकों के लिए जरूरी सावधानी
हालांकि नर्चर वेल इंडस्ट्रीज ने करोड़ों का रिटर्न दिया है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि Penny Stocks में निवेश करना हमेशा जोखिम भरा होता है। ऐसे शेयरों में उतार-चढ़ाव बहुत अधिक होता है और बाजार की छोटी सी हलचल भी निवेशकों को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए, किसी भी Penny Stocks में पैसा लगाने से पहले अपनी वित्तीय स्थिति और रिस्क लेने की क्षमता का आकलन करना बेहद जरूरी है। बाजार के जानकारों की सलाह है कि हमेशा विशेषज्ञ की राय लेकर और कंपनी के भविष्य के प्रोजेक्ट्स को समझकर ही निवेश का फैसला लें।