Edited By Radhika,Updated: 10 Mar, 2026 01:05 PM

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कथित आबकारी नीति (शराब नीति) मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय के हालिया स्थगन आदेश का स्वागत करते हुए विपक्षी खेमे पर तीखा प्रहार किया। मुख्यमंत्री ने इस अदालती फैसले को "अपराधियों के लिए एक बड़ा झटका"...
नेशनल डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कथित आबकारी नीति (शराब नीति) मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय के हालिया स्थगन आदेश का स्वागत करते हुए विपक्षी खेमे पर तीखा प्रहार किया। मुख्यमंत्री ने इस अदालती फैसले को "अपराधियों के लिए एक बड़ा झटका" करार देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपियों को अंततः कानून के सामने झुकना ही होगा।
<
>
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक कड़ा संदेश साझा करते हुए मुख्यमंत्री गुप्ता ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले ने भ्रष्टाचार की गहरी जड़ों को उजागर कर दिया है। उन्होंने लिखा, "दिल्ली हाई कोर्ट का आज का आदेश दिल्ली के अपराधियों के चेहरे पर तमाचा है। झूठ और फरेब की उम्र बहुत छोटी होती है, और आज सत्य की जीत की ओर एक और कदम बढ़ा है।"
सीएम ने आप पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि वे मामले में हो रही प्रगति से ध्यान भटकाने के लिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा, "शराब घोटाले के आरोपी अरविंद केजरीवाल और उनके साथी जानते थे कि सच क्या है। यही कारण है कि वे जल्दबाजी में ढोल पीटने लगे और अपने पापों को धोने के लिए घड़ियाली आंसू बहाने लगे।" मुख्यमंत्री ने अंत में जोर देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।