Edited By Rohini Oberoi,Updated: 08 May, 2025 09:24 AM

जम्मू के पुंछ में पाकिस्तान की ओर से की गई कायराना फायरिंग में हरियाणा के पलवल के रहने वाले जवान दिनेश कुमार शर्मा ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया। उनकी शहादत पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया...
नेशनल डेस्क। जम्मू के पुंछ में पाकिस्तान की ओर से की गई कायराना फायरिंग में हरियाणा के पलवल के रहने वाले जवान दिनेश कुमार शर्मा ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया। उनकी शहादत पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि शहीद दिनेश कुमार की शहादत पर पूरे देश को गर्व है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा, "ऑपरेशन सिंदूर के बाद आज सुबह जम्मू के पुंछ में पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी का डटकर सामना करते हुए माँ भारती के वीर सपूत हरियाणा के पलवल के बेटे जवान दिनेश कुमार शर्मा जी ने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। आपकी शहादत पर प्रत्येक देशवासी को गर्व है। यह देश आपके त्याग को कभी भुला नहीं पाएगा। इस शहादत को मेरा नमन।"
यह भी पढ़ें: बदलेगा मौसम का मिजाज: इन 6 शहरों में अगले 3 घंटे में आएगी तेज बारिश... IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
वीर सपूत ने किया डटकर मुकाबला: सुरजेवाला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी शहीद दिनेश कुमार की शहादत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, "हरियाणा की धरती के वीर सपूत भारतीय सेना के सैनिक दिनेश कुमार शर्मा जी ने पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी का डटकर सामना करते हुए मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी तैनाती जम्मू के बारामुला में थी। उनकी वीरगति को मेरा सलाम व भावपूर्ण श्रद्धांजलि।"
यह भी पढ़ें: Operation Sindoor पर पाकिस्तानी PM का बड़ा बयान, हर खून की बूंद बदला लेकर रहूंगा
देश की रक्षा करते हुए दिया बलिदान: सैलजा
कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने भी जवान दिनेश कुमार की शहादत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "जम्मू-कश्मीर में पलवल, हरियाणा के वीर सपूत दिनेश कुमार शर्मा जी ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। भारत मां के इस वीर लाल को कोटिशः नमन। ईश्वर शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करें।"
नागरिकों के नरसंहार का हिसाब लेगा भारत: हुड्डा
वहीं पुंछ में पाक फायरिंग को लेकर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "पुंछ जिले में पाकिस्तान द्वारा किए गए निर्दोष नागरिकों के नरसंहार का भी हिसाब से जवाब मिलेगा। पाकिस्तान की महाकायर फौज निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाकर अपनी बौखलाहट दिखा रही है। हमारी फौज ने एक भी सिविलियन क्षेत्र को निशाने पर नहीं लिया था। सभी आतंकी ठिकाने थे। यही फर्क है।"