Edited By Tanuja,Updated: 20 Aug, 2026 11:29 AM

प्रिंस हैरी और मेगन बच्चों आर्ची और लिलिबेट के साथ ब्रिटेन लौटने की तैयारी में हैं। बच्चों का ब्रिटेन के स्कूलों में दाखिला हो चुका है और वे सितंबर से पढ़ाई शुरू करेंगे। परिवार लंदन के बाहर रहेगा, लेकिन हैरी-मेगन शाही परिवार के कामकाजी सदस्य के रूप...
London: ब्रिटेन के शाही परिवार से अलग होकर अमेरिका में रह रहे प्रिंस हैरी और मेगन ने बच्चों के साथ ब्रिटेन लौटने का फैसला किया है। हालांकि, दोनों शाही परिवार के कामकाजी सदस्यों के रूप में अपनी आधिकारिक जिम्मेदारियां दोबारा नहीं संभालेंगे। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके दोनों बच्चों का ब्रिटेन के स्कूलों में दाखिला भी हो चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, हैरी और मेगन के बच्चे प्रिंस आर्ची और प्रिंसेस लिलिबेट सितंबर से ब्रिटेन में अपनी पढ़ाई शुरू करेंगे।
परिवार लंदन से बाहर एक निजी आवास में रहने की योजना बना रहा है। यानी अमेरिका में वर्षों तक रहने के बाद अब परिवार ब्रिटेन में अपना नया ठिकाना बनाएगा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे ब्रिटेन में स्थायी रूप से रहेंगे या दोनों देशों के बीच आते-जाते रहेंगे।
हैरी और मेगन ने करीब छह साल पहले शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के रूप में अपनी जिम्मेदारियां छोड़ दी थीं। इसके बाद दोनों आर्थिक रूप से स्वतंत्र जीवन जीने के लिए कैलिफोर्निया चले गए थे। अमेरिका में रहते हुए उन्होंने मनोरंजन और मीडिया कंपनियों के साथ कई बड़े व्यावसायिक समझौते किए। अब ब्रिटेन लौटने के बावजूद वे वर्किंग रॉयल्स के तौर पर शाही कार्यक्रमों और आधिकारिक जिम्मेदारियों में वापसी नहीं करेंगे। हैरी की ब्रिटेन वापसी को उनके पिता महाराजा चार्ल्स तृतीय के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। चार्ल्स की तबीयत खराब है और उनका कैंसर का इलाज चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, महाराजा को रविवार को हैरी-मेगन की ब्रिटेन लौटने की योजना की जानकारी दी गई।
हैरी पहले भी अपने पिता के साथ संबंध सुधारने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि वह परिवार के साथ सुलह करना चाहते हैं और अब लगातार लड़ते रहने का कोई मतलब नहीं है। सुलह की दिशा में एक अहम कदम पिछले महीने देखने को मिला था, जब हैरी ब्रिटेन लौटे थे। मेगन और बच्चे भी यात्रा के एक हिस्से में उनके साथ थे। इस दौरान परिवार ने पश्चिमी इंग्लैंड स्थित हाईग्रोव एस्टेट में महाराजा चार्ल्स से मुलाकात की थी। 2022 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के प्लेटिनम जुबली समारोह के बाद यह पहली बार था जब आर्ची और लिलिबेट ने अपने दादा चार्ल्स से मुलाकात की। हालांकि हैरी और उनके पिता के बीच रिश्ते सुधारने के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन उनके बड़े भाई प्रिंस विलियम के साथ रिश्तों में सुधार के कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं। ब्रिटेन के पूर्व शाही संवाददाता पीटर हंट ने आशंका जताई है कि हैरी-मेगन की अचानक ब्रिटेन लौटने की घोषणा से विलियम नाराज हो सकते हैं।
हैरी और विलियम के रिश्तों में पिछले कुछ वर्षों में काफी तल्खी देखने को मिली है। हैरी और मेगन के अमेरिका जाने के बाद शाही परिवार के साथ उनके रिश्ते लगातार उतार-चढ़ाव भरे रहे। कैलिफोर्निया में रहने के दौरान दोनों ने कई इंटरव्यू दिए और हैरी ने अपनी संस्मरण पुस्तक ‘Spare’ में शाही जीवन और परिवार के भीतर अपने अनुभवों के बारे में खुलकर बात की। दोनों ने आरोप लगाया था कि शाही संस्थान ने मेगन की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने शाही परिवार के एक सदस्य पर मेगन की गर्भावस्था के दौरान नस्लीय टिप्पणी करने का आरोप भी लगाया था। बता दें कि हैरी और ब्रिटिश सरकार के बीच सुरक्षा को लेकर भी लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा है। हैरी का कहना है कि शाही परिवार का सदस्य होने के कारण उन्हें और उनके परिवार को ब्रिटेन आने पर सशस्त्र पुलिस सुरक्षा मिलनी चाहिए। लेकिन सरकारी समिति ने उन्हें नियमित सुरक्षा देने से इनकार किया था। हैरी इस फैसले को अदालत में चुनौती दे चुके हैं, लेकिन सुरक्षा से जुड़े मामले में उन्हें कानूनी झटका भी लगा।