Edited By Niyati Bhandari,Updated: 06 Aug, 2023 09:02 AM

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर एवं कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री का अपने गढ़ छिंदवाड़ा में अपने बेटे एवं सांसद नकुलनाथ के साथ आरती उतारकर स्वागत किया
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
भोपाल (प.स.): मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर एवं कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री का अपने गढ़ छिंदवाड़ा में अपने बेटे एवं सांसद नकुलनाथ के साथ आरती उतारकर स्वागत किया। कमलनाथ और उनके बेटे ने 27 वर्षीय शास्त्री के छिंदवाड़ा हवाई पट्टी पर विमान से उतरने के बाद कहा, ‘‘हमारा सौभाग्य है कि छिंदवाड़ा की पावन भूमि पर आपके चरण स्पर्श हुए गुरुदेव।’’
शास्त्री के दिव्य दरबार स्थल की ओर जाते हुए हजारों लोग सड़क के दोनों ओर कतारों में खड़े थे और उन पर फूल बरसाए। आचार्य धीरेंद्र शास्त्री कमलनाथ के निमंत्रण पर छिंदवाड़ा के दौरे पर हैं जहां शनिवार से उनका दिव्य दरबार लगा हुआ है और वह सिमरिया स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में लगे विशाल वाटरप्रूफ पंडाल में हनुमंत कथा कर रहे हैं। यह 3-दिवसीय कथा 7 अगस्त तक चलेगी। कमलनाथ एवं नकुलनाथ ने कथावाचक पंडित शास्त्री के श्रीमुख से कथा का श्रवण किया।
शास्त्री ने अपने प्रवचन शुरू करने से पहले कहा, ‘‘कमलनाथ ने फरवरी में छतरपुर में मेरे गृह स्थान बागेश्वर धाम में मुझसे मुलाकात की थी और मुझे भगवान हनुमान के दर्शन के लिए सिमरिया गांव में आमंत्रित किया था।’’ कमलनाथ ने 15 वर्ष पहले सिमरिया में भगवान हनुमान की 101 फुट से अधिक ऊंची मूर्ति स्थापित की थी जिसे उस समय देश में सबसे ऊंची माना जाता था। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरने के लिए विपक्षी कांग्रेस हिंदू मतदाताओं तक पहुंच बनाकर अपनी छवि को फिर से तैयार करने की कोशिश कर रही है।