Edited By Sarita Thapa,Updated: 14 May, 2026 12:28 PM

वास्तु शास्त्र के अनुसार घर का बाथरूम केवल साफ-सफाई का स्थान ही नहीं होता, बल्कि यह घर की नकारात्मक ऊर्जा से भी जुड़ा माना जाता है। वहीं ज्योतिष शास्त्र में बाथरूम के स्थान को राहु ग्रह से संबंधित बताया गया है।
Bathroom Vastu Tips : वास्तु शास्त्र के अनुसार घर का बाथरूम केवल साफ-सफाई का स्थान ही नहीं होता, बल्कि यह घर की नकारात्मक ऊर्जा से भी जुड़ा माना जाता है। वहीं ज्योतिष शास्त्र में बाथरूम के स्थान को राहु ग्रह से संबंधित बताया गया है। कहा जाता है कि अगर आपका बाथरूम हमेशा गंदा रहता हो, वहां बदबू आती रहती हो, टूटी-फूटी चीजें पड़ी हों या साफ-सफाई का ध्यान न रखा जाए, तो इससे राहु दोष बढ़ने लगता है। जिसकी वजह से व्यक्ति को मानसिक तनाव, आर्थिक परेशानियां, अचानक नुकसान और घर में अशांति जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। तो आइए जानते हैं बाथरूम से जुड़ी कुछ ऐसी गलतियों के बारे में जिन्हें बहुत से लोग अनजाने में कर देते हैं या फिर नजरअंदाज कर देते हैं।
सबसे पहले ध्यान रखें कि बाथरूम को कभी भी लंबे समय तक गंदा न छोड़ें। वास्तु मान्यताओं के अनुसार गंदगी और बदबू राहु को अधिक सक्रिय करती है, जिससे घर में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ने लगती है। इसलिए रोजाना बाथरूम की अच्छी तरह सफाई करें और वहां सुगंधित वातावरण बनाए रखने की कोशिश करें। अगर रोज सफाई न हो पाए, तो हफ्ते में कम से कम एक दिन, खासतौर पर शनिवार के दिन, बाथरूम को अच्छी तरह साफ जरूर करें। माना जाता है कि ऐसा करने से राहु शांत होता है।
इसके अलावा बाथरूम में टूटी बाल्टी, खराब मग, टूटे शीशे या बेकार सामान जमा करके रखना भी अशुभ माना जाता है। कहा जाता है कि ऐसी चीजें राहु दोष को बढ़ा सकती हैं और व्यक्ति के जीवन में बाधाएं उत्पन्न कर सकती हैं। इसलिए समय-समय पर बाथरूम से बेकार और टूटी हुई वस्तुओं को बाहर निकालते रहें। वास्तु के अनुसार बाथरूम में नीले रंग की बाल्टी और मग रखना शुभ माना जाता है। कहते हैं कि इससे राहु और शनि से जुड़े दोष कम होते हैं।

बाथरूम का दरवाजा हमेशा खुला नहीं छोड़ना चाहिए। वास्तु शास्त्र के अनुसार इससे नकारात्मक ऊर्जा पूरे घर में फैलने लगती है। खासकर रात के समय बाथरूम का दरवाजा और सीट का ढक्कन बंद रखने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा आप बाथरूम में एक कांच की कटोरी में सेंधा नमक या समुद्री नमक भरकर किसी कोने में रख सकते हैं। माना जाता है कि नमक बाथरूम में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा को सोख लेता है। इस उपाय को हर महीने दोहराएं और समय-समय पर नमक बदलते रहें।
बाथरूम में लगातार पानी टपकना भी अच्छा संकेत नहीं माना जाता। टपकता हुआ नल आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव का कारण बन सकता है। इसलिए अगर आपके बाथरूम में कोई नल या पाइप लीक कर रहा हो, तो उसे तुरंत ठीक करवा लें।
बाथरूम में हल्के रंगों का इस्तेमाल हो। बहुत ज्यादा काले या गहरे रंग नकारात्मकता को बढ़ाने वाले माने जाते हैं। एक बात का विशेष ध्यान रखें कि घर का बाथरूम कभी भी ईशान कोण में नहीं होना चाहिए। वास्तु शास्त्र के अनुसार ईशान कोण में बाथरूम होने से धन हानि और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ