Edited By Niyati Bhandari,Updated: 28 May, 2026 12:21 PM

June 2026 Mrityu Panchak Dates: जून 2026 में मृत्यु पंचक कब से शुरू हो रहा है? जानें सटीक समय, तिथि और पंचक के दौरान वर्जित 5 काम। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शनिवार से शुरू होने वाला पंचक सबसे घातक माना जाता है।
June 2026 Mrityu Panchak Dates: सनातन धर्म और ज्योतिष शास्त्र में कोई भी शुभ काम करने से पहले 'पंचक' पर विचार किया जाता है। कुछ ही दिनों में जून का महीना आरंभ होने जा रहा है। पंचांग के अनुसार, जून 2026 में लगने वाले पंचक में सावधानी बरतने की खास अवश्यकता है। इस दौरान कोई भी काम बहुत सोच-विचार करने के बाद ही करें। पंचक का आरंभ शनिवार से होगा, ज्योतिषीय गणना में इसे 'मृत्यु पंचक' कहा जाता है। कहा जाता है की मृत्यु पंचक के दौरान किया जाने वाला किसी भी तरह का काम भारी नुकसान या अनिष्ट का कारण बन सकता है।

कब से कब तक रहेगा जून का पंचक?
ज्योतिषीय गणना के मुताबिक, जून महीने में पंचक की शुरुआत 6 जून 2026, शनिवार की शाम 7 बजकर 3 मिनट से होगी। इस अशुभ अवधि का समापन 11 जून 2026, गुरुवार की सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर होगा। शनिवार से शुरू होने के कारण इसे मृत्यु पंचक की श्रेणी में रखा गया है।

क्या होता है पंचक का विज्ञान?
ज्योतिष शास्त्र में 27 नक्षत्र होते हैं। इन 27 नक्षत्रों में से अन्तिम 5 नक्षत्र ‘ध्निष्ठा’, ‘शतभिषा’, ‘पूर्वा भाद्रपद’, ‘उत्तरा भाद्रपद’ एवं ‘रेवती’ ये दूषित नक्षत्रों की श्रेणी में आते हैं। प्रत्येक नक्षत्र में 4 चरण होते हैं इसलिए धनिष्ठा नक्षत्र के तीसरे चरण से लेकर रेवती नक्षत्र के चतुर्थ चरण तक पंचक समय होता है। जब तक इन 5 नक्षत्रों का समय चलता है तब तक 5 दिनों तक पंचक लगा रहता है। शास्त्रों के अनुसार, इस दौरान नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव अधिक रहता है।
ज्योतिषीय सलाह: मृत्यु पंचक के दौरान किसी भी प्रकार के नए निर्माण या जोखिम भरे निवेश से बचना चाहिए ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।
