Edited By Tanuja,Updated: 24 Feb, 2026 03:49 PM

ईरान की सेना का एक हेलीकॉप्टर इस्फहान प्रांत के दोरचेह शहर में फल-सब्जी बाजार पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट और सह-पायलट सहित चार लोगों की मौत हुई। कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। एक सप्ताह में यह दूसरी हवाई दुर्घटना है, जिससे सैन्य सुरक्षा पर...
International Desk: ईरान की सेना का एक हेलीकॉप्टर मंगलवार को मध्य ईरान के एक प्रमुख फल एवं सब्जी बाजार में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे इस हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी जबकि कई अन्य घायल हो गए। ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल की खबर के मुताबिक, यह हादसा राजधानी तेहरान से लगभग 330 किलोमीटर दक्षिण में स्थित इस्फहान प्रांत के दोरचेह शहर में हुआ। इस्फहान में ईरान का एक प्रमुख वायु सैनिक अड्डा है। इसके अलावा, पिछले साल जून में ईरान-इजराइल युद्ध के दौरान अमेरिका ने जिस परमाणु प्रतिष्ठान को निशाना बनाया था, वह भी इस्फहान में ही स्थित है।
सरकारी टीवी चैनल खबर के अनुसार, सैन्य हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण उड़ान पर था। इसमें कहा गया है कि हादसे में पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई। चैनल ने दुर्घटनास्थल पर बिछरे मलबे और वहां से उठते धुएं के दृश्य प्रसारित किए। ईरान की अर्धसरकारी समाचार एजेंसी 'फार्स' की खबर में कहा गया है कि हादसे में बाजार में मौजूद दो लोगों की भी मौत हो गई। ईरान में यह एक हफ्ते से भी कम समय लगातार दूसरी हवाई दुर्घटना है। इससे पहले, 20 फरवरी को ईरान के पश्चिमी शहर हमेदान के पास एक 'एफ-4' लड़ाकू जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे उसमें सवार पायलट की जान चली गई थी।