Edited By Tanuja,Updated: 18 Mar, 2026 03:37 PM

इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में ऑपरेशन के दौरान हिज़्बुल्लाह के 80 से अधिक ठिकानों को नष्ट करने का दावा किया है। IDF के अनुसार, लक्षित हमलों में दो आतंकियों को भी मार गिराया गया। इस कार्रवाई के बीच हिज़्बुल्लाह ने इजराइल पर कई रॉकेट दागे, जिससे...
International Desk: मिडिल ईस्ट में जंग और तेज होती जा रही है। इजराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच टकराव अब खुले सैन्य ऑपरेशन में बदल चुका है, जिसमें इजराइल ने लेबनान में बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर कई ठिकानों को नष्ट करने का दावा किया है। इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने बुधवार को दावा किया कि उसने दक्षिणी लेबनान में चलाए गए एक बड़े “फॉरवर्ड डिफेंस ऑपरेशन” के तहत हिज़्बुल्लाह से जुड़े 80 से ज्यादा ठिकानों को तबाह कर दिया।
IDF के अनुसार, यह कार्रवाई उसकी 300वीं ब्रिगेड द्वारा 146वीं डिवीजन के नेतृत्व में की गई, जिसमें टारगेटेड रेड्स के जरिए हिज़्बुल्लाह के इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया। सेना ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में इन ऑपरेशनों के दौरान दो आतंकियों को भी मार गिराया गया, जो छिपे हुए थे। इजराइली सेना का कहना है कि यह अभियान “फॉरवर्ड डिफेंस लाइन” को मजबूत करने और हिज़्बुल्लाह की सैन्य क्षमता को फिर से खड़ा होने से रोकने के लिए जारी रहेगा। इसी बीच, हिज़्बुल्लाह ने मंगलवार रात इजराइल की ओर दर्जनों रॉकेट दागे। इसके जवाब में इजराइल ने टायर शहर के कुछ इलाकों को खाली कराया और वहां स्थित हथियार भंडार व मुख्यालय पर हवाई हमले किए।
IDF ने यह भी दावा किया कि उसने बेरूत में “अल-कर्द अल-हसन” नामक संगठन की संपत्तियों को निशाना बनाया, जिसे वह हिज़्बुल्लाह का वित्तीय नेटवर्क मानता है। इसके अलावा, इजराइल ने हमास के एक कमांडर याह्या अबू-लबदा को मार गिराने का भी दावा किया है। IDF के मुताबिक, वह रॉकेट निर्माण और सैन्य सामग्री की सप्लाई में अहम भूमिका निभा रहा था।यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पूरे मिडिल ईस्ट में युद्ध जैसे हालात बनते जा रहे हैं और कई देशों में तनाव लगातार बढ़ रहा है।