Edited By Tanuja,Updated: 13 Aug, 2026 03:44 PM

जापान की कंपनी SDRS ने गर्मी से बचने के लिए ‘Do Hiemon Box’ नाम का ह्यूमन कूलिंग बूथ बनाया है। इसमें 5°C तक ठंडी हवा मिल सकती है और कंपनी के मुताबिक करीब 20 मिनट में शरीर को ठंडक पहुंचाई जा सकती है। इसे खासकर आउटडोर वर्कर्स और इवेंट्स के लिए बनाया...
Tokyo: जापान में बढ़ती गर्मी से बेहाल लोगों को ठंडक पहुंचाने के लिए ऐसा इंतजाम किया गया है, जिसे देखकर दुनिया हैरान रह जाएगी । वेंडिंग मशीन बनाने वाली जापानी कंपनी SDRS ने इंसानों के आकार का एक खास ‘ह्यूमन रेफ्रिजरेटर’ तैयार किया है जिसमें बैठते ही ऊपर और पीछे लगे वेंट से करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक ठंडी हवा शरीर पर पड़ती है और करीब 20 मिनट में पूरे शरीर को ठंडक पहुंचा जाती है। इस अनोखे कूलिंग बूथ का नाम Do Hiemon Box है। इसे एक व्यक्ति के बैठने के हिसाब से डिजाइन किया गया है। यह करीब 1.75 मीटर ऊंचा स्टेनलेस स्टील का इंसुलेटेड बॉक्स है, जिसमें एक व्यक्ति के बैठने के लिए सीट लगी है। बूथ के अंदर ऊपर और पीछे की तरफ वेंट लगाए गए हैं, जिनसे ठंडी हवा लगातार शरीर पर पहुंचती है।इस बूथ की सबसे खास बात इसका कूलिंग सिस्टम है। इसमें हवा का तापमान करीब 5°C तक किया जा सकता है।
यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से कर सकते इस्तेमाल
यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से तापमान और हवा के प्रवाह को तीन अलग-अलग सेटिंग्स में एडजस्ट कर सकता है। यानी बाहर अगर तेज गर्मी पड़ रही हो, तो व्यक्ति कुछ देर के लिए इस बूथ के अंदर जाकर अपने शरीर को तेजी से ठंडा कर सकता है। उत्पाद बेचने वाली कंपनी Trusco Nakayama का दावा है कि Do Hiemon Box करीब 20 मिनट में पूरे शरीर को ठंडा करने में मदद कर सकता है। कंपनी के मुताबिक, इसकी ऊर्जा खपत औसत पोर्टेबल एयर कंडीशनर की तुलना में लगभग आधी है। इसे खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी बताया जा रहा है, जिन्हें लंबे समय तक गर्मी में बाहर काम करना पड़ता है। इस ‘ह्यूमन फ्रिज’ को निर्माण स्थलों, फैक्ट्रियों और खुले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में इस्तेमाल करने की योजना है। यह मोबाइल बूथ पहियों पर लगा है, इसलिए इसे एक जगह से दूसरी जगह आसानी से ले जाया जा सकता है। इसके लिए सामान्य बिजली के कनेक्शन का इस्तेमाल किया जा सकता है।
कूलिंग जैकेट से है अलग
जापान में गर्मी से बचने के लिए कई आउटडोर वर्कर्स पंखे वाली जैकेट पहनते हैं। ये जैकेट शरीर के आसपास हवा पहुंचाकर गर्मी कम करने की कोशिश करती हैं। लेकिन Do Hiemon Box का उद्देश्य पूरे शरीर को एक बंद और नियंत्रित वातावरण में ठंडा करना है। इसी वजह से कंपनी इसे ‘Human Refrigerator’ यानी ‘इंसानों का फ्रिज’ कह रही है।
जापान में क्यों पड़ी जरूरत?
जापान में गर्मियों के दौरान तापमान लगातार खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है। कई इलाकों में 40°C या उससे ज्यादा तापमान दर्ज किया जा रहा है। ऐसे बेहद गर्म दिनों के लिए जापान में ‘कोकुशोबी’ शब्द का इस्तेमाल भी किया जा रहा है, जिसका अर्थ बेहद क्रूर गर्मी वाला दिन बताया जाता है। हाल के वर्षों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मामले भी बढ़े हैं। ऐसे में उन लोगों के लिए खतरा ज्यादा है, जिन्हें काम या किसी दूसरे कारण से लंबे समय तक बाहर रहना पड़ता है।