Edited By Anu Malhotra,Updated: 15 May, 2025 09:26 AM

मेक्सिको एक बार फिर खून से सनी खबरों की सुर्खियों में है। जलिस्को राज्य के जापोपान शहर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। महज 23 साल की लोकप्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और मॉडल वलेरिया मार्केज़ की TikTok लाइव के...
नेशनल डेस्क: मेक्सिको एक बार फिर खून से सनी खबरों की सुर्खियों में है। जलिस्को राज्य के जापोपान शहर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। महज 23 साल की लोकप्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और मॉडल वलेरिया मार्केज़ की TikTok लाइव के दौरान ही गोली मारकर हत्या कर दी गई।
लाइव के बीच चली गोली, कैमरे के सामने खत्म हुई एक जिंदगी
वलेरिया एक ब्यूटी सैलून में बैठकर लाइवस्ट्रीम कर रही थीं और डिलीवरी बॉय से बात कर रही थीं। तभी अचानक एक हमलावर ने सैलून में घुसकर उनकी छाती और सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कैमरे के सामने घटी इस वारदात ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
घटनास्थल बना खौफ का केंद्र
यह घटना ग्वाडालहारा के बाहरी इलाके में स्थित जापोपान शहर की है, जिसे पहले ही हिंसक झड़पों और गैंग गतिविधियों के लिए जाना जाता है। चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ ही घंटों बाद उसी इलाके में PRI पार्टी के पूर्व सांसद लुइस आर्मांडो कॉर्डोवा डियाज़ की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
कार्टेल की साजिश या फेमिसाइड?
जलिस्को राज्य न्यू जनरेशन जलिस्को कार्टेल के प्रभाव में माना जाता है। यहां इलाकों के नियंत्रण को लेकर माफिया गिरोहों के बीच खूनी संघर्ष आम बात है। हालांकि, वलेरिया की हत्या की जांच फेमिसाइड (महिला होने के कारण हत्या) के एंगल से भी की जा रही है, जो लैटिन अमेरिका में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा की चिंताजनक तस्वीर पेश करता है।
फैंस का गुस्सा और ग़म, सरकार पर उठे सवाल
वलेरिया की मौत के बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शोक और नाराज़गी से भरे मैसेजों की बाढ़ आ गई है। फैंस और स्थानीय लोग सरकार से अपराधियों पर शिकंजा कसने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
जांच जारी, हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस
स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सुराग जुटाए जा रहे हैं ताकि हमलावर की पहचान और मंशा का पता लगाया जा सके।