Edited By Rohini Oberoi,Updated: 29 Jun, 2026 08:58 AM

देश की राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी इलाके से एक बड़ी राहत वाली खबर सामने आई है। यहां के केशवपुरम इलाके में बीती देर रात (आधी रात के बाद) एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं देखकर इमारत में रहने वाले लोगों में...
Delhi Building Fire : देश की राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी इलाके से एक बड़ी राहत वाली खबर सामने आई है। यहां के केशवपुरम इलाके में बीती देर रात (आधी रात के बाद) एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं देखकर इमारत में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।
वहीं सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल सेवा (DFS) की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और जान जोखिम में डालकर इमारत की छत पर फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी हताहत या घायल नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को रात करीब दो बजकर तीन मिनट पर लॉरेंस रोड स्थित एक रिहायशी इमारत में आग लगने की सूचनाएं मिलीं। इसके बाद मौके पर दो दमकल वाहन, पानी के दो टैंकर और एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन भेजा गया। दमकल कर्मियों ने इमारत की छत पर फंसे गौरव (28), कैरा (25) और इंदु बत्रा (55) को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
यह भी पढ़ें: Monsoon in Kerala: उत्तरी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, IMD ने दी भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी
इस घटना में फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। डीएफएस के एक अधिकारी के अनुसार आग केवल इमारत के भूतल पर लगे 24 बिजली मीटरों तक ही सीमित रही। इस इमारत में भूतल सहित चार मंजिलें हैं।अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग ने करीब ढाई बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जिसके साथ ही राहत एवं बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।