Edited By Pardeep,Updated: 01 Nov, 2026 10:36 PM

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को 'इंडिया' गठबंधन की रैली को "अराजक और अनुशासनहीन तमाशा" बताया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चुनाव को लेकर की गई टिप्पणियों के लिए राहुल गांधी पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता "किसी मुगल सम्राट के...
नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को 'इंडिया' गठबंधन की रैली को "अराजक और अनुशासनहीन तमाशा" बताया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चुनाव को लेकर की गई टिप्पणियों के लिए राहुल गांधी पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता "किसी मुगल सम्राट के बेटे" की तरह बात कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने वर्ष 2024 के चुनाव को "अवैध" बताने के लिए राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा, ''यह हिंदुस्तान आपके 'अब्बूजान' (पिता) का नहीं है। यह हिंदुस्तानियों का है।'' पात्रा ने राहुल गांधी को 2024 के चुनाव संबंधी दावों के लिए 'अवैध' नेता प्रतिपक्ष भी कहा। राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग में कथित अनियमितताओं के खिलाफ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया था।
राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा, ''अमित शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं। मैं आपको बता दूं कि नरेन्द्र मोदी कहीं जा नहीं सकते; अगर वे जाना भी चाहें, तो हम उन्हें जाने नहीं देंगे।'' उन्होंने कहा कि उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा और वे कानून से बचने की न सोचें। यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तब तक कहीं नहीं जाएंगे, जब तक कांग्रेस नेता "अराजकता पैदा करने के प्रयास में गैर-मुद्दों" को हवा देते रहेंगे। उन्होंने कहा, ''हम गर्व के साथ यह बात कह रहे हैं कि उन्हें (मोदी को) 130 करोड़ लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है।''
पात्रा ने रामलीला मैदान में 'इंडिया' गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन को कमतर आंकते हुए कहा कि केसी वेणुगोपाल सहित कांग्रेस नेताओं ने दावा किया था कि रैली में 10 लाख लोग भाग लेंगे, लेकिन वहां केवल "मुट्ठी भर" लोग ही आए। भाजपा सांसद ने दावा किया कि रामलीला मैदान में दिखाई गई भीड़ "ट्रिक फोटोग्राफी" (फोटोग्राफी की कलाबाज़ी) थी। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह किसी भी तरकीब से प्रधानमंत्री नहीं बन सकते।
उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी ने कहा कि यह 'शिव की बारात' थी। यह शिव की बारात नहीं थी। यह एक अराजक और अनुशासनहीन तमाशा था।'' पात्रा ने कहा कि गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनावों को "अवैध" करार दिया और कहा था कि अगर ऐसा न होता, तो न तो मोदी प्रधानमंत्री बन पाते और न ही अमित शाह गृह मंत्री। पात्रा ने कहा, ''मुगल सम्राट के बच्चे इसी तरह बात करते हैं। यह हिंदुस्तान आपके 'अब्बूजान' का नहीं है। यह हिंदुस्तानियों का है।''
उन्होंने कहा, ''यहां एक 'चायवाला' भी प्रधानमंत्री बन सकता है। और यही बात आपको सबसे ज़्यादा चुभती है। कैसे आम लोग लोकतंत्र की सीढ़ियां चढ़कर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री बन गए, जबकि वे वंशवादी जो इस देश को अपनी जागीर (विरासत) समझते थे, पीछे छूट गए।'' पात्रा ने कहा कि कांग्रेस का 'वोट चोरी' का आरोप केवल 'झूठ का पुलिंदा' है। उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी कह रहे हैं कि 2024 के चुनाव अवैध थे और ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए। लेकिन 2024 के चुनाव में ज्ञानेश जी नहीं थे। वह 2025 में आए।''
भाजपा नेता ने कहा, ''और यदि 2024 के चुनाव अवैध थे तो इसका मतलब है कि आप अवैध नेता प्रतिपक्ष हैं। आपके सभी सांसद गैरकानूनी हैं।'' पात्रा ने कहा कि अगर राहुल गांधी को लगता था कि 2024 के चुनाव अवैध थे तो वह इसके खिलाफ शिकायत दायर कर सकते थे, लेकिन उन्होंने कभी ऐसा नहीं किया।