Edited By Radhika,Updated: 03 Mar, 2026 03:50 PM

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कनॉट प्लेस में एनडीएमसी के दो दिवसीय पुष्प महोत्सव का मंगलवार को उद्घाटन किया। राजधानी में इस कार्यक्रम में मौसमी फूलों और अलग-अलग थीम पर सजी पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद...
नेशनल डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कनॉट प्लेस में एनडीएमसी के दो दिवसीय पुष्प महोत्सव का मंगलवार को उद्घाटन किया। राजधानी में इस कार्यक्रम में मौसमी फूलों और अलग-अलग थीम पर सजी पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में अपने उत्सव की शुरुआत की। कार्यक्रम की शुरुआत एक संक्षिप्त समारोह के साथ हुई जिसमें एनडीएमसी के अधिकारी और आम लोग उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने एनडीएमसी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि परिषद ने दिल्ली की हरित और सकारात्मक छवि बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। फूल महोत्सव का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "लोग ट्यूलिप के फूलों के साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए कश्मीर जाते थे, अब उन्हें वहां जाने की जरूरत नहीं है, मध्य दिल्ली में ही ट्यूलिप के फूल प्रचूर मात्रा में उपलब्ध हैं।"
गुप्ता ने कहा, "जी20 हो या हाल में आयोजित एआई इंडिया इम्पैक्ट समिट, जब भी कोई बड़ा आयोजन होता है, एनडीएमसी इलाके को साफ-सुथरा रखने और हजारों ट्यूलिप के फूल लगाने में सराहनीय काम करता है।" उन्होंने कहा कि दिल्ली की अन्य नगर निकायों को राष्ट्रीय राजधानी में अधिक हरित क्षेत्र बनाने के लिए एनडीएमसी से सीखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, "एनडीएमसी देश में हरित क्षेत्र बनाने के लिए एक आदर्श नगर परिषद बन गई है। हम चाहते हैं कि पूरी दिल्ली इसी तरह हरी-भरी और जीवंत हो जाए।"

उन्होंने कहा, "यदि आवश्यकता पड़ी तो हम अन्य एजेंसियों के बागवानी विभाग के कर्मचारियों को एनडीएमसी के तहत प्रशिक्षण लेने के लिए भेजेंगे।" मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार पूरे शहर में हरियाली बढ़ाने में मदद करने के लिए एनडीएमसी को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी उन्होंने बाद में 'एक्स' पर कहा कि होली के अवसर पर इस पुष्प महोत्सव से पूरा कनॉट प्लेस खिल उठा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रिकोणीय संरचना और बेलनाकार की शानदार पुष्प सज्जाएं, खूबसूरत परिदृश्य और खास सेल्फी पॉइंट्स इस आयोजन के आकर्षण को और बढ़ा रहे हैं। गुप्ता के मुताबिक, यह महोत्सव रंगों, प्रकृति और सृजनात्मकता का जीवंत उत्सव बन गया है। इस महोत्सव में शहरी बागवानी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फूलों की विभिन्न सजावटें, सुंदर परिदृश्य और बागवानी संबंधी प्रस्तुतियां शामिल हैं। एनडीएमसी के अधिकारियों ने कहा कि यह उत्सव चार मार्च को भी जारी रहेगा और नगर निकाय को उम्मीद है कि इन दो दिनों में कार्यक्रम स्थल जनता के लिए खुला रहने के कारण लोगों की भारी भीड़ रहेगी।