ओडिशा रेल हादसे को लेकर गौतम अडानी का बड़ा ऐलान, बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाएंगे

Edited By rajesh kumar,Updated: 04 Jun, 2023 06:07 PM

gautam adani s odisha train accident take responsibility children s education

देश के उद्योगपती गौतम अडानी ने बड़ा दिल दिखाते हुए रेल हादसे में माता-पिता को खोने वाले बच्चों की स्कूल शिक्षा का जिम्मा उठाने की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।

नेशनल डेस्क: ओडिशा रेल हादसे देश को झकझोर के रख दिया है। इस हादसे में करीब 288 यात्रियों की मौत हुई है जबकि 900 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पीएमओ और रेल मंत्रालय की ओर से मुआवजा राशि का ऐलान किया गया है। इसी बीच देश के उद्योगपती गौतम अडानी ने बड़ा दिल दिखाते हुए रेल हादसे में माता-पिता को खोने वाले बच्चों की स्कूल शिक्षा का जिम्मा उठाने की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। 

गौतम अडानी ने कोरोमंडल ट्रेन हादसे पर ट्वीट करते हुए लिखा, उड़ीसा की रेल दुर्घटना से हम सभी बेहद व्यथित हैं। हमने फैसला लिया है कि जिन मासूमों ने इस हादसे में अपने अभिभावकों को खोया है उनकी स्कूली शिक्षा की जिम्मेदारी अडाणी समूह उठाएगा। पीड़ितों एवं उनके परिजनों को संबल और बच्चों को बेहतर कल मिले यह हम सभी की संयुक्त जिम्मेदारी है।'  

दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई- पीएम मोदी 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि ओडिशा रेल दुर्घटना के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले के बाहानगा में देश की सबसे भीषण ट्रेन दुर्घटनाओं में से एक के घटनास्थल का निरीक्षण करने और पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात के बाद मीडिया से बात की। मोदी ने कहा, ‘‘रेल हादसे के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।'' प्रधानमंत्री ने यह भी कहा, ‘‘हम घायलों को सर्वश्रेष्ठ उपचार मुहैया कराएंगे।'' उन्होंने लोगों को बचाने में मदद के लिए स्थानीय लोगों का भी आभार व्यक्त किया, जिनमें से कई लोगों ने रात भर काम किया। मोदी ने कहा, ‘‘मैं ट्रेन दुर्घटना प्रभावितों को दी गई सभी मदद के लिए स्थानीय लोगों का आभारी हूं।'' हादसे के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास पीड़ा व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। ईश्वर हमें इस स्थिति से उबरने की शक्ति दें।''

5 लाख रुपए मुआवजा राशि का ऐलान 
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बालासोर के पास बाहानगा बाजार में हुए रेल हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को रविवार को पांच-पांच लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा कि मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपए की, जबकि हादसे में घायल हुए लोगों को एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। इससे पहले, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए और प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की थी।

घटना के कारण का लगा पता 
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ‘इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग' में किए गए उस बदलाव की पहचान कर ली गई है जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘ ‘प्वाइंट मशीन' की सेटिंग में बदलाव किया गया है। यह कैसे और क्यों किया गया, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट में किया जाएगा।'' रेल मंत्री ने कहा, ‘‘इस भीषण घटना के कारण का पता चल गया है...मैं इस पर विस्तार से बात नहीं करना चाहता। रिपोर्ट आने दीजिए। मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि असल वजह और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर ली गई है।''
 

Related Story

India

Netherlands

Match will be start at 03 Oct,2023 02:00 PM

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!